एशिया कप : दुबई में भारत-पाक मैच, इन दो जगहों पर टूर्नामेंट का आयोजन
नौ सितंबर से शुरू हो रहे आगामी एशिया कप के दो अहम मैच दुबई में होंगे। एशियाई क्रिकेट परिषद ने यह घोषणा की। 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच लीग चरण का मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच सुपर सिक्स चरण का संभावित मैच 21 सितंबर को इसी स्थान पर खेला जाएगा।

29 सितंबर को होने वाला फाइनल भी दुबई में ही होगा। अगले साल भारत और श्रीलंका में खेले जाने वाले टी20 विश्व कप के मद्देनजर, यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में होगा। एसीसी ने मैचों की घोषणा 26 जुलाई को कर दी थी लेकिन इसके आयोजन स्थल की घोषणा शनिवार को की गयी।
टूर्नामेंट दुबई और अबू धाबी में आयोजित होगा। भारत अपने शुरुआती दो लीग मैच 10 सितंबर (बनाम यूएई) और 14 सितंबर (बनाम पाकिस्तान) को दुबई में खेलेगा, जबकि ओमान के खिलाफ आखिरी लीग मैच 19 सितंबर को अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में होगा।
सुपर सिक्स चरण में अबू धाबी में एक मैच निर्धारित है। भारत ग्रुप ए में पाकिस्तान, ओमान और यूएई के साथ है। ग्रुप बी में अफगानिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और हांगकांग हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्ते बिल्कुल भी ठीक नहीं है। दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव भी हुआ, जिसके बाद चीजें और भी ज्यादा बिगड़ गई।
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में इंडिया चैंपियन ने पाकिस्तान चैंपियन के साथ भी खेलने के लिए मना कर दिया था। भारत ने न उनसे ग्रुप स्टेज में मुकाबला खेला न ही सेमीफाइनल में।
सेमीफाइनल में पाकिस्तान का बॉयकाट करने से भारत चैंपियन टूर्नामेंट से बिना खेले बाहर भी हो गया। अब हो सकता है कि एशिया कप 2025 में भी टीम इंडिया पाकिस्तान का विरोध करे और उनके खिलाफ कोई भी मैच न खेले। अब तक किसी भी प्रकार की पुष्टि नहीं की गई है।