भारत ने इंग्लैंड को दिया 374 का लक्ष्य, सीरीज बराबर करने के लिए 9 विकेटों की दरकार
भारत पांच मैचों की श्रृंखला के आखिरी टेस्ट के तीसरे दिन यहां जीत के लिए रिकॉर्ड 374 रन का लक्ष्य देने के बाद इंग्लैंड का 50 रन पर एक विकेट चटकाने में सफल रहा।

भारत को श्रृंखला को 2-2 से बराबर करने के लिए और नौ विकेट की जरूरत है जबकि इंग्लैंड के सामने जीत के लिए और 324 रन बनाने की मुश्किल चुनौती है। दिन के अंतिम ओवर में मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली (14) को आउट करके भारत को बड़ी सफलता दिलायी। बेन डकेट 34 रन बनाकर क्रीज पर है।
क्रॉली के आउट होते ही दिन के खेल की समापन की घोषणा कर दी गयी। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने तीन जीवनदान का फायदा उठाते हुए मुश्किल हालातों में 118 रन की शतकीय पारी खेली। उन्होंने आकाशदीप (66) के साथ तीसरे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी की।
कप्तान शुभमन गिल और करुण नायर के सस्ते में आउट होने के बाद वाशिंगटन सुंदर (53) और रविंद्र जडेजा (53) ने अर्धशतकीय पारियों से सुनिश्चित किया की मैच पर भारत का दबदबा बना रहे। ओवल में चौथी पारी में सफलतापूर्वक सबसे बड़ा लक्ष्य का पीछा 263 रन का है।
ऐसे में इंग्लैंड को इस मैच को जीतने के लिए चौथी पारी में रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करना होगा। जायसवाल ने मौजूदा दौरे के दूसरे और करियर के छठे शतकीय पारी के दौरान 164 गेंद का सामना करते हुए 14 चौके और दो छक्के जड़े।
इस बल्लेबाज ने आकाशदीप के साथ शतकीय साझेदारी के बाद करुण नायर (17) के साथ 40 और जडेजा के साथ 44 रन भी अहम साझेदारियां निभा कर टीम को बड़े स्कोर की अग्रसर किया।
आकाशदीप ने दिन के शुरुआती सत्र में इंग्लैंड के गेंदबाजों का बेखौफ होकर सामना किया। उन्होंने 94 गेंद की पारी में 12 चौके जड़कर जायसवाल पर दबाव को हावी नहीं होने दिया। दिन के आखिरी सत्र में पिछले मैच के शतकवीर जडेजा और सुंदर ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये।
जडेजा ने अपनी पारी के दौरान 77 गेंद का सामना किया, सुंदर ने आखिरी विकेट के लिए प्रसिद्ध कृष्णा के साथ 39 रन की साझेदारी की जिसमें रनों के लिहाज से कृष्णा का कोई योगदान नहीं था। सुंदर ने 46 गेंद की आक्रामक पारी में चार चौके और चार छक्के जड़े। उन्होंने गस एटकिंसन के खिलाफ लगातार दो चौके और छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने पांच जबकि एटकिंसन ने तीन और जैमी ओवरटन ने दो विकेट लिये। भारतीय गेंदबाजों ने दूसरी पारी में इंग्लैंड की आक्रामक सलामी जोड़ी को तेजी से रन बनाने का मौका नहीं दिया।
आकाशदीप, सिराज और कृष्णा ने ऑफ स्टंप के करीब गेंदबाजी कर दबाव बनाये रखा। टीम को इसका फायदा आखिरी ओवर में हुआ जब सिराज की यॉर्कर पर क्रॉली गच्चा खाकर बोल्ड हो गये।
भारतीय कप्तान शुभमन गिल (11) ने दिन के पहले सत्र के आखिर में दो शानदार चौके जड़े थे लेकिन लंच के बाद पहली ही गेंद पर गस एटकिंसन ने उन्हें पगबाधा कर दिया। गिल ने इस तरह इस श्रृंखला का अंत 754 रन के साथ किया जो महान सुनील गावस्कर के भारतीय रिकॉर्ड से 20 रन कम है।
नायर (17) एक बार फिर अच्छी शुरुआत के बाद अपना विकेट गंवा बैठे। एटकिंसन की अतिरिक्त उछाल लेती गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए विकेटकीपर के दस्तानों में चली गयी।
जायसवाल ने अपनी शतकीय पारी के दौरान कट शॉट पर सबसे ज्यादा रन बटोरे। वह आउट भी इसी शॉट पर हुए। उन्होंने जोस टंग की गेंद पर आक्रामक शॉट लगाया लेकिन बैकवर्ड प्वाइंट बाउंड्री के पास जैमी ओवरटन ने उनका शानदार कैच लपका। भारत ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 75 रन से की।
जायसवाल और आकाशदीप ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हुए दिन के शुरुआती सत्र में इंग्लैंड के गेंदबाजों को परेशान किया। दोनों ने साझेदारी के दौरान कुछ शानदार शॉट खेलने के अलावा आसानी से दौड़कर रन चुराये। आकाशदीप को लंच से कुछ समय पहले जैमी ओवरटन ने आउट किया।
आकाशदीप उनकी उछाल लेती गेंद से सामंजस्य नहीं बिठा सके और गस एटकिंसन ने कवर क्षेत्र में आसान कैच लपका। क्रिस वोक्स के कंधे की चोट के कारण एक गेंदबाज कम होने से इंग्लैंड की परेशानी और बढ़ गयी।
इस पारी के दौरान कुछ शानदार शॉट लगाने वाले आकाशदीप को जोश टंग की गेंद पर तीसरे स्लिप में जैक क्रॉली ने आसान कैच टपकाकर जीवनदान भी दिया। पिच दिन की शुरुआती सत्र में बल्लेबाजी के लिए पहले दो दिनों की तुलना में काफी बेहतर दिख रही है। गेंद ज्यादा स्विंग नहीं हो रही थी।
इस मैच से पहले आकाशदीप के नाम प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सिर्फ एक अर्धशतक था। उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर जैकब बेथेल द्वारा डाले गये दिन के पहले ही ओवर में मिड-विकेट के ऊपर से चौका लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिये।
आकाशदीप ने तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी सहजता से रन बटोरे। खासकर एटकिंसन के खिलाफ उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने एटकिंसन की गेंद पर ही बड़ा शॉट लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। इस अर्धशतक का जश्न आकाशदीप के साथ भारतीय ड्रेसिंग रूम ने भी मनाया। पूरी टीम ने खड़े होकर तालियों के साथ उनकी हौसला अफजाई की।