एबी डिविलियर्स की तूफानी पारी, साउथ अफ्रीका ने जीता लीजेंड्स चैंपियनशिप का खिताब
एबी डी विलियर्स की कप्तानी वाली साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के फाइनल में पाकिस्तान को 9 विकेट से रौंदकर खिताब को जीता।

साउथ अफ्रीका की इस जीत के हीरो कप्तान एबी डी विलियर्स रहे, जिन्होंने टूर्नामेंट का तीसरा शतक जड़ते हुए 120 रनों की नाबाद पारी खेली। पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 195 रन बोर्ड पर लगाए थे, इस टारगेट को 16.5 ओवर में 1 विकेट खोकर साउथ अफ्रीका ने काफी आसान बना दिया।
एबी डी विलियर्स को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और पूरे सीजन धमाल मचाने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तान की टीम के लिए सलामी बल्लेबाज शरजील खान ने 76 रनों की पारी खेली। उनकों बाकी बल्लेबाजों से उतना साथ नहीं मिला जिसकी पाकिस्तान को दरकार थी।
पाकिस्तान के लिए दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर उमर अमीन ने 36 रन के रूप में बनाया। वहीं अन्य कोई बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। 196 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका चैंपियंस की टीम को एबी डी विलियर्स और हाशिम अमला की जोड़ी ने तूफानी शुरुआत दी।
पहले विकेट के लिए दोनों के बीच 6 ओवर में 72 रनों की साझेदारी हुई। अमला 14 गेंदों पर 18 रन बनाकर अजमल का शिकार बने।
बल्लेबाजी करने आए जेपी ड्युमनी ने एबी डी विलियर्स का अंत तक साथ दिया और दोनों बल्लेबाजों ने 19 गेंदें शेष रहते टीम को जीत दिलाई। एबी डी विलियर्स ने 60 गेंदों पर 120 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के जड़े। वहीं ड्युमिनी ने 178.57 के स्ट्राइक रेट के साथ 50 रनों की नाबाद पारी खेली।