Trending

यशस्वी जायसवाल को मिला ‘गुरुमंत्र’, रोहित शर्मा ने स्टैंड्स से दिया खास संदेश

लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर पूर्व भारतीय टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा युवा खिलाड़ियों का जोश बढ़ाने के लिए पहुंचे, जहां भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मैच हो रहा है।

साभार : गूगल

मैच के तीसरे दिन स्टैंड में बैठे रोहित शर्मा ने महफिल लूट ली। वह मैच देखने ही नहीं आए थे। वह मैदान के बाहर बैठकर भी भारतीय खिलाड़ियों की मदद करते हुए दिखे। ओवल टेस्ट के तीसरे दिन यशस्वी ने शतक जड़ भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने शतक मारने के बाद बताया कि स्टैंड में बैठे रोहित शर्मा से उन्हें एक स्पेशल मैसेज मिला था।

यह यशस्वी के टेस्ट करियर का छठा शतक था और उन्होंने कहा कि उन्होंने इसका भरपूर आनंद लिया। पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी स्टैंड्स से जायसवाल का शतक देखा। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा कि रोहित ने उन्हें खेलते रहने का संदेश दिया था। उन्होंने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, “मैंने रोहित भाई को देखा और उन्हें ‘Hi’ कहा।

उन्होंने मुझे खेलते रहने का संदेश दिया।” यशस्वी ने अपनी पारी और उसकी तैयारी को लेकर कहा, “मुझे लगता है कि हम सभी के लिए खुद को आगे बढ़ाते रहना बहुत जरूरी है। यह हमारी यहां आखिरी पारी थी। मानसिक रूप से, मैं खुद को आगे बढ़ाते रहने और जितना हो सके उतना स्कोर करने के लिए तैयार था।”

उन्होंने बताया कि उन्होंने तेज़ गेंदबाज़ों के लिए मददगार पिच को ध्यान में रखते हुए कैसे काम किया। जायसवाल ने बोला, “बेशक, पहली पारी में विकेट देखकर मैं सोच रहा था कि रन बनाने का सबसे अच्छा विकल्प क्या हो सकता है।

मैं बस उसी तरह खेलने और सकारात्मक रहने की कोशिश कर रहा था। मेरा इरादा बहुत अच्छा था। मैं गेंदबाजों पर दबाव बनाना चाहता था, कि वे कहां गेंदबाजी करेंगे और मैं कहां रन बना सकता हूं। मेरी मानसिकता हमेशा ऐसी ही रहती है। मुझे लगता है कि सकारात्मक रहना और अपने शॉट्स खेलना परिस्थिति पर निर्भर करता है। अगर परिस्थिति कुछ और मांगती है, तो मैं उसका भी आनंद लूंगा।”