Trending

सुरेश रैना ने पाकिस्तान की हार पर कसा तंज, एबी डिविलियर्स की तारीफ में कही ये बात

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के फाइनल में पाकिस्तान को साउथ अफ्रीका के हाथों करारी हार मिली। पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने शरजील खान के अर्धशतक के दम पर 195 रन बोर्ड पर लगाए थे, इस स्कोर को साउथ अफ्रीका ने 16.5 ओवर में 9 विकेट रहते आसानी से चेज कर लिया।

© X (Twitter)

साउथ अफ्रीका की इस जीत के हीरो एबी डी विलियर्स रहे जिन्होंने सीजन का तीसरा शतक जड़ते हुए 120 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान की इस शर्मनाक हार के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना का रिएक्शन वायरल हो रहा है।

पाकिस्तान बनाम साउथ अफ्रीका मैच के बाद सुरेश रैना ने एक्स पर एबी डी विलियर्स की शतकीय पारी की जमकर तारीफ की और इस दौरान उन्होंने यह भी लिखा कि अगर भारत वहां होता तो वह भी पाकिस्तान को इसी तरह कुचलता।

बता दें, वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत होनी थी, मगर इस भारतीय खिलाड़ियों द्वारा इस मुकाबले का बहिष्कार करने की वजह से मैच रद्द कर दिया गया और पाकिस्तान को फाइनल का टिकट मिला।

सुरेश रैना ने एक्स पर लिखा, “एबी डी विलियर्स ने फाइनल में क्या कमाल की पारी खेली, बिल्कुल धमाल मचा दिया। अगर हम खेलते, तो हम भी उन्हें कुचल देते, लेकिन हमने अपने देश को सबसे ऊपर रखा। ईजमायट्रिप और निशांतपिट्टी का पूरा सम्मान, जिन्होंने दृढ़ता से खड़े रहकर उनसे जुड़े किसी भी मैच का समर्थन नहीं किया।

यही असली चरित्र है।” बता दें, पहलगाम हमले के चलते भारतीय खिलाड़ियों ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार किया।

भारत और पाकिस्तान की पहली भिड़ंत लीग स्टेज में होनी थी, मगर भारतीय खिलाड़ियों द्वारा इस मैच का बहिष्कार करने के बाद मैच अधिकारियों ने मुकाबले को रद्द किया और दोनों टीमों के बीच 1-1 अंक बांट दिया।

जब सेमीफाइनल में पाकिस्तान और भारत की टीमें पहुंची तो भी टीम इंडिया के खिलाड़ियों का रुख नहीं बदला। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला नहीं खेला और टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। बता दें, भारत टूर्नामेंट के पहले सीजन का चैंपियन है।