Trending

रेल मंत्री वैष्णव ने भावनगर–अयोध्या ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

गांधीनगर : गुजरात के भावनगर रेलवे स्टेशन से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को भावनगर से अयोध्या के लिए नई साप्ताहिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री मनसुखभाई मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री निमुबेन बंबनिया सहित कई विधायकगण और स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि देश के पवित्र तीर्थधाम अयोध्या के लिए भावनगर से सीधी ट्रेन सेवा के शुभारंभ से हजारों श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने इस ट्रेन को गुजरात के रेलवे विकास के एक नए अध्याय की शुरुआत बताया।

रेल मंत्री ने कहा कि गुजरात के भावनगर और आस-पास के क्षेत्रों के लोगों की मांग को पूरा करते हुए भारतीय रेलवे ने भावनगर और अयोध्या के बीच एक नई ट्रेन सेवा शुरू की है। यह नई ट्रेन सेवा यात्रियों, पर्यटकों तथा व्यवसाय और रोजगार के लिए यात्रा करने वालों के लिए अत्यंत सुविधाजनक होगी। इससे लोगों को विभिन्न स्थानों से जोड़ने में मदद मिलेगी, जिससे आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन को गति मिलेगी, रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे और क्षेत्रों का समग्र विकास होगा।

केंद्रीय मंत्री मांडविया ने उत्तर भारत के धार्मिक स्थलों से भावनगर की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। वहीं, निमुबेन बंबनिया ने भी इस ट्रेन को अपने संसदीय क्षेत्र और सौराष्ट्र के लिए एक आशीर्वाद बताया।

यह ट्रेन संख्या 19201 भावनगर टर्मिनस–अयोध्या कैंट (साप्ताहिक) एक्सप्रेस की नियमित सेवा 11 अगस्त 2025 से शुरू होगी। यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को दोपहर 13:50 बजे भावनगर टर्मिनस से रवाना होगी और अगले दिन शाम 18:30 बजे अयोध्या कैंट स्टेशन पहुंचेगी। अयोध्या कैंट–भावनगर टर्मिनस (साप्ताहिक) एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को अयोध्या कैंट स्टेशन से रवाना होगी इसी तरह, ट्रेन संख्या 19202 अयोध्या कैंट–भावनगर टर्मिनस (साप्ताहिक) एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को रात 22:30 बजे अयोध्या कैंट स्टेशन से रवाना होगी और तीसरे दिन (गुरुवार) सुबह 04:45 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी। यह ट्रेन 12 अगस्त 2025 से नियमित रूप से चलेगी।

इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, एसी 3-टियर (इकोनॉमी), स्लीपर क्लास और सेकंड क्लास जनरल कोच होंगे। स्टॉपेज भावनगर परा, सिहोर (गुजरात), ढोला, बोटाद, लिमडी, सुरेन्द्रनगर गेट, वी‍रमगाम, मेहसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधी नगर जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह आगरा, टुंडला, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ और बाराबंकी स्टेशन रहेगा।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में खुशी का माहौल देखा गया। भावनगर से अयोध्या के लिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने के बाद लोगों में बहुत उत्साह दिखा। रेलवे द्वारा इस ट्रेन को नए कोच और आधुनिक सुविधाओं के साथ शुरू किया गया है। यह सेवा भावनगर के विकास और धार्मिक पर्यटन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।