अश्विन ने गिल और गंभीर की आलोचना की : ‘फील्ड और फील्ड के बाहर खेल की समझ में कमी’
महान ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में ‘खेल के बारे में जागरुकता की कमी’ को लेकर कप्तान शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर की आलोचना की है।

उन्होंने अपने यू-ट्यूब चैनल पर बोला कि इंग्लैंड को अगर सीरीज में बढ़त मिली तो उसकी वजह इन दोनों की कमी है। उन्होंने स्पिन गेंदबाजों को समय से मोर्चे पर नहीं लगाने को गलती करार दिया है और कहां है ये इससे बचना ही चाहिए था। अपने यू-ट्यूब चैनल एश की बात पर अश्विन ने कहा, ‘स्पिनरों का इस्तेमाल नहीं किए जाने के टॉपिक पर आते हैं।
मुझ इस सीरीज में लगता है कि कई तरीकों से खेल के बारे में जागरुकता की कमी दिखी- फील्ड पर भी और फील्ड से बाहर भी। यही मुख्य वजह है कि इंग्लैंड सीरीज में आगे है और भारत पीछे। हम तेज नहीं दिखे।’ अश्विन ने कहा, ‘मुझे लगता है कि शुभमन गिल कप्तान के तौर पर और बेहतर होंगे। वह सीखेंगे।
लेकिन कभी-कभी आपको लगता है कि आप स्पिन को अच्छे से खेल लेंगे, इसलिए आप स्पिनरों को आक्रमण पर नहीं लगाते। और जब आप ऐसी स्थितियों में स्पिनरों को सही समय पर लगाने का मौका चूक जाते हैं तब आप रक्षात्मक हो जाते हैं।’ पूर्व ऑफ स्पिनर ने कहा, ‘जब हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाला तब 20 रन के बाद आपको रनों के बहाव को रोकने के लिए स्पिनर लाना था। दूसरे छोर से एक तेज गेंदबाज फेंकता।
वॉशिंगटन सुंदर को और पहले अटैक पर लाया जा सकता था।’ उन्होंने कहा कि सुंदर हैरी ब्रूक पर अंकुश लगा सकते थे। अश्विन ने कहा, ‘इन गलतियों को करने से बड़ा अंतर पैदा होता है। हमें नहीं पता कि ये संदेश बाहर से उनके बीच में जाता है या नहीं। हमें नहीं पता कि ड्रेसिंग रूम में क्या चर्चा होती है।
लेकिन इन गलतियों से निश्चित तौर पर बचा ही जा सकता है।’ भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैच की सीरीज का पांचवां मुकाबला रोमांचक मोड़ पर आ चुका है।
निर्णायक मुकाबले को जीतने के लिए इंग्लैंड को सोमवार को आखिरी दिन 35 और रनों की जरूरत है, वही भारत ऐतिहासिक जीत से 4 विकेट दूर है। 374 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड अपनी दूसरी पारी में चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 339 रन बनाए लिए हैं। चौथे दिन जेमी स्मिथ 2 और जेमी ओवर्टन शून्य रन बनाकर नाबाद लौटे थे।