Trending

मोहम्मद सिराज : एक अनसंग हीरो, जो बोलता कम है, कर दिखाता ज़्यादा है

मोहम्मद सिराज, ऐसा तेज गेंदबाज जिन्हें उतना श्रेय नहीं मिलता, जितने के वे हकदार हैं। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में 180 से ज्यादा ओवर फेंक चुके हैं। सिर्फ दूसरे ऐसे तेज गेंदबाज हैं जो ट्रॉफी के सभी मैच खेल रहे हैं।

साभार : गूगल

सीरीज में 20 विकेट ले चुके हैं। दोनों टीमों के गेंदबाजों में सबसे ज्यादा। जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में वह भारत के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज हैं और वह अपनी जिम्मेदारी को बाखूबी समझते हैं।

पांचवें टेस्ट से पहले जब गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने उनसे वर्कलोड के बारे में पूछा तो सिराज का जवाब दिल जीत लेगा। भारत के गेंदबाजी कोच मोर्कल ने ओवल टेस्ट से पहले सिराज से उनके वर्कलोड को लेकर हुई बातचीत का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि 31 वर्ष के तेज गेंदबाज ने खुद कहा कि वह जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में पांचवां टेस्ट खेलना चाहते हैं। वह न सिर्फ ओवल टेस्ट खेलने उतरे बल्कि भारतीय आक्रमण का नेतृत्व भी किया।

मोर्कल ने बताया कि जब ओवल टेस्ट से पहले उन्होंने मोहम्मद सिराज से वर्कलोड पर बात की तब उनका जवाब था, ‘सुनिए, मैं इस टेस्ट मैच को खेलना चाहता हूं और मैं इसे टीम के लिए जीतना चाहता हूं।’ मोर्कल ने सिराज की जमकर तारीफ की है और उन्हें एक नेचुरल लीडर करार दिया है।

उन्होंने इस पर खुशी भी जताई कि अब उन्हें मान्यता मिल रही है। मोर्कल ने चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा, ‘मैंने टेस्ट सीरीज के दौरान पहले भी कहा है, मैं बहुत खुश हूं कि सिराज को अब मान्यता मिलने लगी है। वह चेंजिंग रूम का वह लड़का है जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेगा। वह एक नेचुरल लीडर है।

हालांकि, वह बहुत ज्यादा नहीं बोलता लेकिन मुझे लगता है कि वह अपने ऐक्शन से नेतृत्व करता है…यहां तक कि अगर दो-तीन ओवर एक्स्ट्रा फेंकने और हमारे लिए मौका बनाने की बात हो तब वह गेंदबाज भी सिराज ही हैं।’ मोहम्मद सिराज ने ओवल टेस्ट की पहली पारी में 4 विकेट लिए थे। दूसरी पारी में उन्होंने अब तक 2 विकेट लिए हैं। उन्होंने जैक क्रॉली और ओली पोप के महत्वपूर्ण विकेट लिए।