Trending

पांचवें टेस्ट के हीरो : सिराज ने बिरयानी से दूरी बनाई, इंग्लैंड की बैंड बजाई

मोहम्मद सिराज, भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवें टेस्ट के हीरो। जिन्होंने अपने जोश, जज्बे और जुझारूपन से विरोधियों तक को अपना कायल बना दिया है। शुभमन गिल के शब्दों में वह किसी भी कप्तान के ड्रीम बोलर हैं। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और कोच ब्रेंडन मैकलम भी उनके मुरीद हो चुके हैं।

साभार : गूगल

न चेहरे पर शिकन, न कोई थकान। चिर-परिचित मुस्कान। सीरीज के सभी 5 मैच। 185 से ज्यादा ओवर लेकिन हर गेंद में जैसे वह अपना सब कुछ झोंक रहे थे।

सीरीज में सबसे ज्यादा 23 विकेट झटके। सिराज आज जो कुछ भी हैं अपने जिद और जुनून की बदौलत। जिद ऐसा कि बिरयानी के लिए मशहूर हैदराबाद के इस लड़के ने अपने पसंदीदा बिरयानी से तौबा कर लिया ताकि वह फिट रह सके और भारत का प्रतिनिधित्व कर सके।

सिराज ने 6 साल पहले एक अंग्रेजी अखबार के साथ बातचीत में खुलासा किया था कि उन्होंने खुद को फिट और अनुशासित रखने के लिए बिरयानी खाना पूरी तरह से छोड़ दिया था। तब वह 25 वर्ष के थे और बिरयानी उनका पसंदीदा खाना था।

तब सिराज ने अखबार को बताया था, ‘मैंने बिरयानी खाना छोड़ दिया है…ईमानदारी से कहूं तो अगर आप अपने देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं तो आपको कुछ चीजें तो छोड़नी ही पड़ेंगी।

हम सभी विराट भाई के फिटनेस के बारे में जानते हैं लेकिन जिस तरह से शमी भाई ने वापसी की है, वो कमाल है। वह बहुत जल्दी इतने पतले हो गए।’

सिराज की खूबी है कि जब कुछ ठान लेते हैं तो उसके लिए जी जान लगा देते हैं। जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट में अपना सब कुछ झोंक दिया।

उन्हें भरोसा था कि वह मैच पलट सकते हैं और वह अपने भरोसे पर खरा उतरे। इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में भारत की 6 रन से जीत के वह नायक के तौर पर उभरे। इस तरह भारत ने सीरीज को 2-2 की बराबरी पर खत्म किया।