वेस्ट दिल्ली लायंस का दबदबा जारी, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की लगातार दूसरी हार
दिल्ली प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन का 7वां मैच मंगलवार 5 अगस्त की रात को खेला गया, जिसमें वेस्ट दिल्ली लायंस के सामने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज टीम थी। एक तरह आयुष बडोनी थे, जबकि उनके सामने नितीश राणा की टीम थी।

आयुष बडोनी की टीम को पहले मैच में हारी थी, इस बार भी टीम को हार नसीब हुई। इस तरह डीपीएल 2025 में आयुष बडोनी की कप्तानी वाली टीम साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज का खाता नहीं खुल पाया है। नितीश राणा की टीम वेस्ट दिल्ली लायंस लगातार दूसरा मैच जीतने में सफल हुई है।
डीपीएल के दूसरे सीजन के सातवें मैच की बात करें तो साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज टीम के कप्तान आयुष बडोनी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। 20 ओवर में 7 विकेट पर टीम 185 रनों तक पहुंच गई, जिसमें आयुष बडोनी की 25 गेंदों में खेली गई 48 रनों की ताबड़तोड़ पारी भी थी।
27 गेंदों में 42 रन कुंवर बिधूरी ने भी बनाए। 33 रन सुमित माधुर के बल्ले से निकले। गेंदबाजी की बात करें तो 3 विकेट अनिरुद्ध चौधरी ने चटकाए और दो सफलता मनन भारद्वाज को मिलीं।
जब वेस्ट दिल्ली 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो कभी भी ऐसा नहीं लगा कि साउथ दिल्ली की टीम मैच में बनी हुई है, क्योंकि पहले विकेट के लिए ही वेस्ट दिल्ली ने 158 रनों की साझेदारी कर साउथ दिल्ली की टीम को मैच से बाहर कर दिया था।
कृष यादव 42 गेंदों में 67 रन बनाकर आउट हुए, जबकि 46 गेंदों में 96 रन अंकित कुमार ने बनाए। वे शतक जड़ने से चूक गए। हालांकि, वेस्ट दिल्ली ने 16वें ओवर की चौथी गेंद पर 2 विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। इसी अंदाज में पिछला मैच भी इस टीम ने जीता था।