Trending

गौतम गंभीर ने इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की

भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर इंग्लैंड में शानदार टेस्ट सीरीज के बाद भारत लौट आए हैं। मंगलवार की शाम को दिल्ली पहुंचे गौतम गंभीर ने टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल की जमकर तारीफ की।

साभार : गूगल

उन्होंने ये भी कहा कि इस दौरे पर वह कौन सा खिलाड़ी था, जिसने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया, उस एक खिलाड़ी का नाम मेंशन करना संभव नहीं है, क्योंकि पूरी टीम ने अच्छा खेल दिखाया। गिल की कप्तानी वाली टीम ने ओवल टेस्ट 6 रनों से जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर कराई, जिसमें शुभमन गिल ने 754 रन बनाए।

मंगलवार को इंग्लैंड से लौटने के बाद दिल्ली में गौतम गंभीर ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “मुझे लगता है कि गिल ने शानदार काम किया है, मैं यही कह सकता हूं और वह भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “हम वाकई बहुत खुश हैं। मुझे लगता है कि हमारे खिलाड़ी इसके हर हिस्से के हकदार हैं, क्योंकि पिछले दो महीनों से उन्होंने पांचों टेस्ट मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। वे हर तरह की तारीफ के हकदार हैं।”

गौतम गंभीर ने आगे कहा कि एक खिलाड़ी का नाम मेंशन करना कठिन है। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि वह (सिराज) शानदार रहे हैं। दरअसल, सिर्फ उन्होंने ही नहीं, बल्कि पूरी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है।

मेरे लिए किसी एक का नाम लेना बहुत मुश्किल है, लेकिन इन खिलाड़ियों ने, चाहे शुभमन गिल हों, मोहम्मद सिराज हों, या फिर हर कोई…मुझे लगता है कि पिछले दो महीनों में सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।”

इस दौरे पर सिराज ने कुल 23 विकेट निकाले। वे सभी पांच मैचों में खेले। विनिंग मोमेंट उन्हीं की गेंद पर आया, जब उन्होंने गस एटकिंसन को क्लीन बोल्ड किया। जसप्रीत बुमराह इस दौरे पर तीन मैच खेले और उनको 14 विकेट मिले। हालांकि, जिस मैच में वे खेले, उनमें से एक भी मैच में टीम इंडिया को जीत नहीं मिली। केएल राहुल और रविंद्र जडेजा ने भी 500-500 से ज्यादा रन बनाए।