कोहली पिच पर लौटे : गुजरात टाइटंस के कोच नईम अमीन के साथ अभ्यास
टीम इंडिया के रन मशीन से फेमस विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले पिच पर लौटे हैं। उन्होंने गुजरात टाइटंस के सहायक कोच नईम अमीन की मौजूदगी में अभ्यास किया। कोहली ने इंस्टा स्टोरी में लिखा, “हिट में मदद के लिए शुक्रिया, भाई। आपको देखकर हमेशा अच्छा लगता है।”

उन्होंने सेशन के दौरान अमीन के साथ अपनी एक तस्वीर भी शेयर की। अमीन बर्कशायर, बकिंघमशायर और लंदन में माइटी विलो अकादमी चलाते हैं और आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के कोचिंग स्टाफ में थे। भारतीय तेज गेंदबाज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अच्छे अभ्यास सत्रों के लिए अमीन की अकादमी में आ चुके हैं।

विराट कोहली टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं। कोहली का ध्यान भारत के लिए वनडे और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ आईपीएल की प्रतिबद्धताओं पर है। कोहली ने 302 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 14,181 रन बनाए हैं। उन्होंने आखिरी बार आईपीएल 2025 के फाइनल में शानदार पारी खेली थी।
विराट ने 43 रनों की पारी खेली थी, जिससे आरसीबी ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए खिताबी मुकाबले में पंजाब किंग्स को छह रनों से हराकर अपनी पहली ट्रॉफी जीती थी। कोहली को फिर से मैदान पर देखने के लिए प्रशंसक बेताब हैं। हालांकि, फैंस को अक्टूबर तक इंतजार करना होगा।
भारत को यूं तो अगस्त में बांग्लादेश में तीन एकदिवसीय मैच खेलने थे, लेकिन बीसीसीआई और बीसीबी के बीच आपसी सहमति से यह श्रृंखला सितंबर 2026 तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
कोहली और रोहित शर्मा, जो टेस्ट और टी20 से भी दूर हैं, दोनों के भारत के ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवरों के दौरे के एकदिवसीय चरण के लिए लौटने की उम्मीद है। 19 अक्टूबर से पर्थ स्टेडियम में यह टूर्नामेंट शुरू होगा। 23 और 25 अक्टूबर टूर्नामेंट के अन्य मैच होंगे।