एशियाई मुक्केबाजी : रितिका ने दिलाया भारत को चौथा स्वर्ण, अंडर-22 टीम को चौथा स्थान
महिलाओं के 80+ किग्रा वर्ग में रितिका ने स्वर्ण पदक हासिल किया जिससे भारत ने सोमवार को एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप अंडर -22 वर्ग के पदक तालिका में अपना अभियान चौथे स्थान पर खत्म किया।

भारतीय अंडर-22 टीम ने कुल 13 पदक के साथ अपने अभियान का समापन किया, जबकि अंडर-19 मुक्केबाजों ने कुल 14 पदक (तीन स्वर्ण, सात रजत और चार कांस्य) के साथ तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन पांच भारतीय मुक्केबाजों में से केवल रितिका ही भारत को स्वर्ण पदक दिला सकी। वह रक्षण और आक्रमण के शानदार तालमेल से कजाखस्तान की मुक्केबाज असेल तोकतास्यन को मात देकर अंडर-22 वर्ग में भारत को चौथा स्वर्ण पदक दिलाने में सफल रही।
यात्री पटेल को महिला 57 किग्रा वर्ग में उज्बेकिस्तान की खुमोराबोनू मामाजोनोवा से हारकर रजत से संतोष करना पड़ा, जबकि 60 किग्रा के फाइनल में चीन की यू तियान को जोरदार टक्कर देने के बावजूद प्रिया को 2-3 के मामूली अंतर से हारी।
नीरज को पुरुष 75 किग्रा फाइनल में उज्बेकिस्तान के शावकतजोन बोल्टायेव से हार मिली। ईशान कटारिया 90+ किग्रा के स्वर्ण पदक मुकाबले में उज्बेकिस्तान के खलीमजोन मामासोलिएव से हार गए, जिससे दोनों भारतीय पुरुष मुक्केबाजों ने रजत पदक हासिल किया।