नेपोली के फॉरवर्ड जियाकोमो रास्पाडोरी अब एटलेटिको मैड्रिड का हिस्सा
स्पेन के फुटबॉल क्लब एटलेटिको मैड्रिड ने इटली के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जियाकोमो रास्पाडोरी के साथ अनुबंध किया है जो नेपोली की तरफ से खेल रहे थे। उन्होंने अपना मेडिकल परीक्षण पास कर लिया और उन्होंने स्पेनिश टीम के साथ पांच साल का अनुबंध किया है।

एटलेटिको ने कहा, ‘‘इटली का यह खिलाड़ी बहुमुखी प्रतिभा का धनी है। वह अग्रिम पंक्ति के अलावा मध्य पंक्ति में खेल सकता है।’’ रास्पाडोरी ने 2022 में नेपोली के साथ करार किया और अपने पहले सत्र और 2024-25 में क्लब के साथ सीरी ए खिताब जीता।
उन्होंने नेपोली की तरफ से 109 मैच खेले और 18 गोल किए। उन्होंने 2021 में 21 साल की उम्र में इटली की सीनियर टीम की तरफ से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में पदार्पण किया और वह उस यूरोपीय चैंपियनशिप में खेले, जिसे इटली ने जीता। उन्होंने अभी तक इटली की तरफ से 40 मैच खेले हैं, जिनमें नौ गोल किए हैं।