Trending

डी. गुकेश की जोरदार वापसी, पहले दिन तीसरे स्थान पर रहे

मौजूदा विश्व विजेता डी गुकेश ने अमेरिका के लेवोन अरोनियन से पहले दौर में हार के बाद लौटे हुए ग्रिगोरी ओपेरिन और लिएम ले क्वांग पर जीत हासिल की और ग्रैंड शतरंज टूर के तहत हो रहे सेंट लुई रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज टूर्नामेंट के पहले दिन संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे।

साभार : गूगल

गुकेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्हें पहले दौर के एक कड़े मुकाबले में अरोनियन से हार मिली। इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की और सोमवार को खेली गई अन्य बाजियों में ओपेरिन और लिएम को हराकर संभावित छह में से चार अंक हासिल किए।

लास वेगास में हाल ही में संपन्न फ्रीस्टाइल शतरंज टूर्नामेंट में जीत दर्ज करने वाले अमेरिकी ग्रैंडमास्टर अरोनियन ने उज्बेकिस्तान के नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव और फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव को हराकर अपना परफेक्ट स्कोर बनाए रखा।

अरोनियन छह अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, उनके हमवतन फैबियानो कारुआना दो जीत और एक ड्रॉ के बाद पांच अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। गुकेश एक अन्य अमेरिकी वेस्ली सो के साथ संयुक्त रूप से तीसरे, वाचियर-लाग्रेव और लीनियर डोमिन्गुएज पेरेज तीन-तीन अंकों के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं।

लिएम और ओपेरिन दो-दो अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। नोडिरबेक के खाते में एक अंक है, जबकि सैम शैंकलैंड अपने सभी मैच हारने के बाद अंतिम स्थान पर हैं। गुकेश को पहले दौर में कैरो कान के डिफेंस गेम के कारण पैदा हुई जटिलताओं के चलते हार मिली।

भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे दौर में सफेद मोहरों से खेलते हुए ओपेरिन को शह और मात देने के लिए अपनी रानी की बलि दे दी और आसानी से जीत हासिल की। दिन के आखिरी मुकाबले में लिएम के खिलाफ काले मोहरों से खेल रहे गुकेश को फिर से मुश्किलों का सामना करना पड़ा। भारतीय खिलाड़ी ने दबाव बनाए रखा और आखिर में वह जीत हासिल करने में सफल रहे।