Trending

14 अगस्त : जब एक महान बल्लेबाज का दौर खत्म हुआ और दूसरे की शुरुआत

14 अगस्त की तारीख राजनीतिक कैलेंडर में पाकिस्तान की आजादी के लिए जानी जाती है, मगर क्रिकेट के गलियारों में यह तारीख दो क्रिकेट लीजेंड -डॉन ब्रैडमैन और सचिन तेंदुलकर- के चलती मशहूर है।

साभार : गूगल

आज के ही दिन एक दिग्गज क्रिकेटर के करियर का अंत हुआ था, वहीं दूसरे के करियर ने उड़ान भरना शुरू की थी। जी हां, क्रिकेट के इतिहास के पन्नों में आज यानी 14 अगस्त की तारीख सुनहरे शब्दों में लिखी गई है।

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज सर डॉन ब्रैडमैन ने आज ही के दिन यानी 14 अगस्त 1948 को अपना आखिरी टेस्ट इंग्लैंड के खिलाफ ओवल के मैदान पर खेला था। उनकी बदकिस्मति तो देखिया, आखिरी टेस्ट में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे और 0 पर आउट हो गए थे।

दूसरी पारी में उन्हें बैटिंग करने का ही मौका नहीं मिला क्योंकि ऑस्ट्रेलिया वो मैच पारी के अंतर से जीता था। हालांकि इसके बावजूद डॉन ब्रैडमैन का औसत 52 मैचों के बाद 99.94 का रहा था। उन्होंने अपने करियर में 29 शतक जड़ 6996 रन बनाए थे।

1989 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले सचिन तेंदुलकर ने आज ही के दिन ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा था। सचिन के करियर ने यहीं से उड़ान भरी थी और करियर का अंत होते-होते उन्होंने ऐसा कारनामा किया कि उन्हें आज भी फैंस ‘क्रिकेट का भगवान’ कहते हैं।

सचिन तेंदुलकर टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सर्वाधिक 200 टेस्ट खेलने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने करियर में कुल 51 शतकों के साथ 15921 रन बनाए। वह सबसे ज्यादा मैच खेलने के साथ-साथ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।