दूर-दराज के इलाकों तक पहुँचेंगे खेल : नई खेल नीति से सशक्त होगा खेल परिदृश्य
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को कहा कि वह देश के दूर दराज के इलाकों में खेलों का प्रचार करना चाहते हैं और हाल ही में स्वीकृत राष्ट्रीय खेल नीति 2025 से इस लक्ष्य को पाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर लालकिले से राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कहा,‘‘ हम दूर दराज के इलाकों में खेलों का प्रचार प्रसार करना चाहते हैं।

राष्ट्रीय खेल नीति से इसमें मदद मिलेगी।’’ प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने राष्ट्रीय खेल नीति 2025 को पिछले महीने मंजूरी दी थी।
यह देश के खेल परिदृश्य को नये सिरे से तैयार करने और खेलों के जरिये नागरिकों के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। नयी नीति ने 2001 की राष्ट्रीय खेल नीति की जगह ली है। यह भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने और 2036 ओलंपिक समेत बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन का मजबूत दावेदार बनाने के लिये रोडमैप तैयार करती है।