Trending

सिंकफील्ड कप : शतरंज के दिग्गजों से भिड़ेंगे भारत के गुकेश और प्रज्ञाननंदा

विश्व विजेता डी गुकेश सोमवार से शुरू हो रहे सिंकफील्ड कप से संक्षिप्त अंतराल के बाद क्लासिकल शतरंज में लौटेंगे, जबकि भारत के एक अन्य खिलाड़ी आर प्रज्ञाननंदा ग्रैंड शतरंज टूर के पांचवें चरण की इस प्रतियोगिता में पोडियम स्थान हासिल कर अपनी कुल पांचवीं रैंकिंग मजबूत करना चाहेंगे।

साभार : गूगल

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन इस प्रतियोगिता में नहीं खेलेंगे। नॉर्वे के ग्रैंडमास्टर ने खुले तौर पर स्वीकार किया है कि अब उन्हें क्लासिकल शतरंज पसंद नहीं है।

कार्लसन के नहीं खेलने के बावजूद इस प्रतियोगिता में कई शीर्ष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। अमेरिका के फैबियानो कारूआना, फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा तथा अच्छी फॉर्म में चल रहे आर्मेनियाई से अमेरिकी बने लेवोन अरोनियन भारतीय जोड़ी के लिए कड़ी चुनौती पेश करने की पूरी संभावना रखते हैं।

गुकेश को रैपिड शतरंज में वर्तमान फॉर्म को देखते हुए प्रबल दावेदारों में शामिल नहीं किया जा सकता लेकिन यहां नहीं भूलना चाहिए कि भारतीय ग्रैंड मास्टर का क्लासिकल शतरंज में शानदार रिकार्ड रहा है। प्रज्ञाननंदा ने अगले वर्ष के कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करके अपनी स्थिति पहले ही मजबूत कर ली है।

कैंडिडेट्स टूर्नामेंट से विश्व खिताब के लिए गुकेश के प्रतिद्वंदी का फैसला होगा। गुकेश और प्रज्ञाननंदा दोनों ने अगले महीने उज्बेकिस्तान में होने वाली ग्रैंड स्विस प्रतियोगिता में भाग लेने का निर्णय लिया है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि वे सब कुछ जीतने के लिए तत्पर हैं।

प्रज्ञाननंदा ग्रैंड शतरंज टूर की तालिका में वर्तमान में गुकेश से आगे हैं, लेकिन निरंतरता बनाए रखना महत्वपूर्ण होगा क्योंकि इस प्रतियोगिता में उनका सामना अनुभवी प्रतिद्वंद्वियों से होगा। यह प्रतियोगिता दस खिलाड़ियों के बीच नौ राउंड में खेली जाएगी, जिसकी कुल पुरस्कार राशि 350,000 अमेरिकी डॉलर है।