Trending

माधव कौशिक का तूफान : 31 गेंदों में 95 रन बनाकर मेरठ मावरिक्स को दिलाई जोरदार जीत

क्रिकेट और ग्लैमर की चमक के साथ इकाना स्टेडियम पर रविवार को यूपी टी-20 लीग की शुरुआत हुई। जहां ओपनिंग सेरेमनी में बॉलीवुड स्टार्स ने स्टेडियम में रौनक बिखेरी, पहले मैच में मेरठ मावरिक्स के बल्लेबाज माधव कौशिक ने अपनी शानदार पारी से दर्शकों को सीटों से उठने पर मजबूर कर दिया।

@Meerutmavericks

बारिश की वजह से देरी के बाद शुरू हुए मैच में रिंकू सिंह की अगुवाई वाली मेरठ मावरिक्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 20 ओवर में 225 रन बनाए।

जवाब में कानपुर सुपर स्टार्स पूरी तरह लड़खड़ा गई और नौ विकेट पर 139 रन ही बना सकी। मेरठ ने यह मैच 86 रन से जीतकर टूर्नामेंट की जोरदार शुरुआत की। मैदान पर आते ही माधव कौशिक ने कानपुर के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने 18 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया।

माधव ने केवल 31 गेंदों में 95 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उनके 82 रन सिर्फ बाउंड्री से आए। दूसरे छोर पर ऋतुराज शर्मा भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने 36 गेंदों पर 60 रन की नाबाद पारी खेली और माधव के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 130 रन की साझेदारी की।

अक्षय दुबे ने भी 22 गेंदों में 44 रन की तेज़ पारी खेल टीम को ठोस शुरुआत दी। 225 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर सुपर स्टार्स की हालत शुरुआत से पतली रही। टीम ने महज 27 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए।

कप्तान समीर रिज़वी (45 रन, 32 गेंद) और प्रियांशु गौतम (34 रन, 36 गेंद) ने बीच में 55 रन की साझेदारी कर हार के अंतर को कम करने की कोशिश की, टीम वापसी नहीं कर सकी।

टूर्नामेंट का आगाज़ शानदार ओपनिंग सेरेमनी से हुआ। सिंगर सुनिधि चौहान की सुरीली आवाज़, दिशा पाटनी और तमन्ना भाटिया के डांस मूव्स, और सिद्धार्थ मल्होत्रा–जान्हवी कपूर की जोड़ी ने स्टेडियम को किसी फिल्मी अवॉर्ड नाइट जैसा माहौल दे दिया। आतिशबाजी और लाइट शो ने शाम को और भी यादगार बना दिया।

इस मौके पर यूपीसीए के निदेशक सौरभ शुक्ला और यूपी टी-20 लीग के अध्यक्ष डीएस चौहान मौजूद रहे। यूपी टी-20 लीग का लाइव प्रसारण सोनी लिव पर हो रहा है, जबकि दर्शकों के लिए मैदान में प्रवेश निशुल्क रखा गया है। इस सीजन में कुल 30 मुकाबले होंगे। आयोजनकर्ताओं का दावा है कि यह लीग राज्य की युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी।