Trending

तीरंदाजी प्रीमियर लीग में होगा दिग्गजों का जमावड़ा, छह टीमें लेंगी हिस्सा

दीपिका कुमारी, धीरज बोम्मादेवरा, ज्योति सुरेखा वेन्नम और अभिषेक वर्मा सहित भारत के शीर्ष तीरंदाज पहली तीरंदाजी प्रीमियर लीग में खेलेंगे।

भारतीय तीरंदाजी संघ ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्रतियोगिता अक्टूबर में यमुना खेल परिसर में 11 दिन तक आयोजित होगी। इसमें छह फ्रेंचाइजी टीम खेलेगी।

साभार : गूगल

इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा दुनिया भर के प्रमुख रिकर्व और कंपाउंड तीरंदाज हिस्सा लेंगे। इनमें कई चोटी के खिलाड़ी शामिल हैं जिनके नाम की घोषणा बाद में की जाएगी। एपीएल को विश्व तीरंदाजी और एशियाई महासंघ का समर्थन प्राप्त है।

उद्घाटन सत्र में नीलामी के बजाय ड्राफ्ट प्रणाली अपनाए जाने की संभावना है, जिसमें प्रत्येक टीम में आठ सदस्य (चार पुरुष और चार महिला) होंगे। टीमों में अधिकतम दो विदेशी तीरंदाज शामिल हो सकते हैं, जिनमें से कम से कम एक का ‘प्लेइंग फोर’ का हिस्सा होना अनिवार्य है।

यह प्रतियोगिता दूधिया रोशनी में खेली जाएगी। भारतीय तीरंदाजों का चयन विश्व रैंकिंग के साथ-साथ भारतीय तीरंदाजी संघ के हालिया चयन ट्रायल के आधार पर किया गया है।

भारतीय खिलाड़ियों में दीपिका, धीरज, तरुण दीप राय और अतनु दास पर सभी की निगाह टिकी रहेगी। कंपाउंड में विश्व रिकॉर्ड धारक ज्योति सुरेखा वेन्नम और ऋषभ यादव आकर्षण का केंद्र होंगे।

भारतीय तीरंदाजी संघ अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हमें खुशी है कि तीरंदाजी प्रीमियर लीग के पहले सत्र में भारत के सर्वश्रेष्ठ तीरंदाज भाग लेंगे। इससे यह लीग लोगों का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित करेगी और मुकाबले भी काफी कड़े होंगे।’’