Trending

एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप में मनु भाकर ने जीता कांस्य पदक

स्टार भारतीय महिला निशानेबाज मनु भाकर ने मंगलवार को कजाकिस्तान के श्यामकेंट में एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।

साभार : गूगल

मनु भाकर ने फाइनल में 219.7 अंक हासिल किए। दक्षिण कोरिया की जिन यांग (241.6) ने सिल्वर मेडल और चीन की कियानके मा (243.2) ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

इससे पहले भारत ने टीम स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता। भाकर, सुरुचि सिंह और पलक गुलिया की टीम ने 1730 अंक हासिल किए, जो दूसरे स्थान पर रहे कोरिया गणराज्य (1731) से एक अंक और स्वर्ण पदक विजेता चीन (1740) से 10 अंक पीछे था।

इससे पहले मनु ने 583 अंक प्राप्त कर फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई किया था, जिससे वह दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि चीन की कियानक्सुन याओ 584 अंक के साथ शीर्ष स्थान पर रहीं।

दूसरी ओर, सुरुचि और पलक फाइनल में जगह बनाने में असफल रहीं। पेरिस ओलंपिक में डबल ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रचने वाली मनु भाकर एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप के फाइनल में शुरुआत में थोड़ा संघर्ष करते दिखीं। पहले पांच शॉट के बाद वो 5वें स्थान पर थीं।

लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने बढ़त हासिल की। 11वें शॉट में, उन्होंने 10.5 का स्कोर किया और दूसरे शॉट में पहुंच गईं। इसके बाद, 17वें शॉट में मनु भाकर 9.7 के खराब स्कोर के साथ बाहर होने की कगार पर थीं। लेकिन मनु भाकर ने संयम बनाए रखा और अंत में पोडियम पर जगह बनाने में सफल रहीं।