Trending

शतरंज के दो दिग्गज, विश्वनाथन आनंद और गैरी कास्पोरोव, सेंट लुईस में होंगे आमने-सामने

महान भारतीय खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद अमेरिका के सेंट लुईस में अक्टूबर में खेले जाने वाले क्लच शतरंज नुमाइशी मैच में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी रहे रूस के गैरी कास्पोरोव से खेलेंगे जबकि विश्व विजेता डी गुकेश की टक्कर मैग्नस कार्लसन से होगी।

साभार : गूगल

अंतिम बार 2021 में कास्पोरोव और आनंद की टक्कर क्रोएशिया रैपिड और ब्लिट्ज टूर्नामेंट में जगरेब में हुई थी जिसमें भारतीय खिलाड़ी ने जीत दर्ज की। दोनों के बीच 82 मुकाबले हो चुके हैं जिनमें से 30 ड्रॉ रहे और जीत के मामले में कास्पोरोव का दबदबा रहा।

एक विज्ञप्ति में बताया गया,‘‘ दो पूर्व विश्व विजेता गैरी कास्पोरोव और विश्वनाथन आनंद विशेष क्लच शतरंज (लीजैंड्स) नुमाइशी मैच (सात से 11 अक्टूबर) में आमने सामने होंगे।’’ इसमें बताया गया ,‘‘ यह नुमाइशी मैच क्लब की नयी सुविधा में खेले जाने वाला पहला मैच होगा।’’

इसमें 144000 डॉलर ईनामी राशि होगी जो दोनों दिग्गजों के बीच 12 मुकाबलों के शतरंज 960 मैचों (फिशर रैंडम) में दी जायेगी। मुकाबले रैपिड और ब्लिट्ज टाइम कंट्रोल में खेले जायेंगे।

इसके बाद 412000 डॉलर ईनामी राशि का क्लच शतरंज चैम्पियंस शोडाउन 27 से 29 अक्टूबर तक होगा जिसमें दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी कार्लसन, दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी हिकारू नकामूरा, तीसरे नंबर के फेबियानो कारूआना और गुकेश हिस्सा लेंगे।