नए कानून के चलते ड्रीम 11 और बीसीसीआई की टाइटल स्पॉन्सरशिप खत्म
बीसीसीआई और फैंटेसी स्पोर्ट्स कंपनी ड्रीम 11 के बीच दो साल से चली आ रही टाइटल स्पॉन्सर की साझेदारी अब समाप्त हो गई है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने सोमवार को इस बात की पुष्टि कर दी है।

उन्होंने कहा है कि ड्रीम 11 के साथ बोर्ड का करार खत्म हो गया है और अब वे एक नए लीड स्पॉन्सर की तलाश में हैं। यह फैसला हाल ही में संसद में पारित और राष्ट्रपति की मंजूरी पाने वाले “ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन एवं विनियमन विधेयक 2025” के बाद लिया गया है।
इस विधेयक के कानून बनने के बाद, ड्रीम 11 ने अपने सभी पैसे वाले ऑनलाइन गेमिंग कॉन्टेस्ट को बंद कर दिया है। 2023 में बीसीसीआई और ड्रीम 11 के बीच लीड स्पॉन्सर के तौर करार हुआ था।
यह तीन साल की डील थी, जिसकी वैल्यू 358 करोड़ रुपये थी, लेकिन नए कानून के तहत रीयल मनी बेस्ड गेमिंग ऐप्स पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिसका सीधा असर ड्रीम 11 के मूल व्यवसाय पर पड़ा है।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा, “नए कानून के तहत बीसीसीआई के लिए ड्रीम 11 या ऐसी ही किसी अन्य गेमिंग कंपनी के साथ बने रहना मुश्किल होगा। यह एक बड़ी बाधा है और मुझे नहीं लगता कि हम ड्रीम 11 के साथ अब आगे बढ़ पाएंगे।”
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के साथ ड्रीम11 ने इस करार को बीच में खत्म किया है। इसके लिए कोई जुर्माना नहीं भरना पड़ेगा, क्योंकि इस अनुबंध में एक विशेष क्लॉज ये था कि अगर सरकारी प्रतिबंध या कानून में बदलाव की स्थिति होती है तो करार खत्म किया जा सकता है।
ऐसे में अब टीम इंडिया 9 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाले टी20 एशिया कप 2025 में शायद बिना लीड स्पॉन्सर के उतरेगी, क्योंकि टूर्नामेंट शुरू होने में अब महज दो हफ्ते से भी कम का समय बचा है।
बीसीसीआई सचिव से जब पूछा गया कि क्या बोर्ड जल्द ही स्पॉन्सरशिप के लिए नया टेंडर जारी करेगा, तो उन्होंने कहा, “हमने अभी तक कुछ भी फाइनल नहीं किया है, लेकिन हमारे पास अब एक विकल्प होना चाहिए।
चूंकि ड्रीम 11 जा रहा है, इसलिए प्रायोजन स्लॉट में कुछ खाली जगह होगी। हमें एक विकल्प तलाशना होगा, कोई रिप्लेसमेंट नहीं। हम इस पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। हमारे पास अभी भी कुछ समय है, कम से कम 15 दिन। अगर इन 15-20 दिनों के भीतर कुछ होता है, तो एक रिप्लेसमेंट होगा। अन्यथा, हम देखेंगे कि यह समय के साथ कैसे आगे बढ़ेगा।”