आदर्श सिंह की तूफानी पारी और उनकी मेहनत की मिसाल
एशिया कप से पहले यूपी टी-20 लीग में जहां रिंकू सिंह और भुवनेश्वर कुमार जैसे टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी चमक बिखेर रहे हैं, जौनपुर के एक किसान के बेटे ने भी अपनी धमाकेदार बल्लेबाज़ी से सबका ध्यान खींचा है।

कानपुर सुपरस्टार्स के 20 वर्षीय टॉप ऑर्डर बल्लेबाज़ आदर्श सिंह ने ऐसी तूफानी पारी खेली कि क्रिकेट प्रेमी उन्हें अब ‘यूपी का वैभव सूर्यवंशी’ कहने लगे हैं।
जौनपुर जिले के नेवादा ईश्वरी सिंह गांव के रहने वाले आदर्श के पिता किसान हैं। खेती से घर का खर्च चलता है, लेकिन आदर्श ने अपनी मेहनत और जुनून से क्रिकेट में एक खास पहचान बनाई है।
कानपुर में रहकर क्रिकेट की ट्रेनिंग लेने वाले आदर्श को बचपन से ही खेल का शौक था। आदर्श का टैलेंट पहले भी सामने आ चुका है। 2023-24 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में उन्होंने 7 मैचों में 238 रन बनाकर सबको प्रभावित किया था। उनकी इस प्रदर्शन की तारीफ खुद सुरेश रैना ने की थी।
आदर्श कहते हैं, “रिंकू भैया की बैटिंग देखना हमेशा प्रेरणादायक होता है, और रैना भैया से शाबाशी मिलना मेरे लिए किसी सपने से कम नहीं।” यूपी क्रिकेट संघ के मीडिया प्रभारी और कानपुर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष संजय कपूर ने कहा, “यूपी टी-20 लीग से कई शानदार खिलाड़ी उभरकर सामने आ रहे हैं।
आदर्श की ये इस सीज़न की दूसरी सेंचुरी है। सिर्फ 20 साल की उम्र में इस तरह का प्रदर्शन करना और किसान परिवार से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचना बेहद प्रेरणादायक है।”
इस मुकाबले में आदर्श ने शुरुआत में संभलकर खेलते हुए 35 गेंदों में 38 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने गियर बदला और महज 19 गेंदों में 10 छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने कुल 54 गेंदों में नाबाद 113 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 10 छक्के थे। उनकी इस पारी से कानपुर सुपरस्टार्स ने 198/3 का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में उतरी काशी रूद्राज़ सिर्फ 70 रन पर ढेर हो गई और कानपुर ने यह मुकाबला 128 रन से जीता। आदर्श की यह धमाकेदार पारी न सिर्फ उनकी प्रतिभा का प्रमाण है, बल्कि यह भी दिखाती है कि छोटे शहरों और गांवों से भी बड़े सितारे निकल सकते हैं — बशर्ते मेहनत और जज़्बा हो।