समीर रिज़वी का तूफ़ानी शो : कानपुर सुपरस्टार्स की लगातार तीसरी जीत
मैन ऑफ द मैच कप्तान समीर रिज़वी (32 गेंद, नाबाद 76 रन) की पारी से कानपुर सुपरस्टार्स ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेले गए यूपी टी-20 लीग के अहम मैच में लखनऊ फाल्कन्स को आठ विकेट से मात देकर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

लखनऊ फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 162 रन बनाया। जवाब में कानपुर सुपरस्टार्स ने लक्ष्य को 15.4 ओवर में दो विकेट पर हासिल कर लिया।
अपनी पारी में रिज़वी ने नौ छक्के और तीन चौके जड़े। उनकी पारी से मैच का रोमांच पूरी तरह एकतरफा हो गया। कप्तान समीर रिज़वी की विस्फोटक बल्लेबाज़ी और लखनऊ फाल्कन्स की कमजोर फील्डिंग के चलते सुपरस्टार्स ने यह मैच आठ विकेट से जीता। मैच के 13वें ओवर तक मुकाबला संतुलित लग रहा था।
कानपुर को अंतिम आठ ओवरों में 71 रन चाहिए थे, लेकिन यहीं से कप्तान समीर रिज़वी ने गियर बदला। उन्होंने 17 गेंदों पर 64 रन ठोक डाले और अपनी पारी में कुल 9 छक्के और 1 चौका जड़े। रिज़वी ने विप्रज निगम और अक्षु बाजवा की गेंदबाज़ी पर लगातार छक्कों की बरसात कर मैच का रुख एकतरफा कर दिया।
लखनऊ फाल्कन्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 162 रन पर आठ विकेट बनाए। आराध्या यादव (59 रन, 44 गेंद) और मो. सैफ़ (43 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 59 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दी, लेकिन बीच के ओवरों में कानपुर के स्पिनरों ने वापसी कराई।
लेग स्पिनर दमनदीप सिंह (1/29) और शुबहम मिश्रा ने रन गति पर रोक लगाई। फाल्कन्स ने पावरप्ले में 59 रन तो जोड़े, लेकिन बीच के 10 ओवरों में सिर्फ 62 रन ही बना सके। बड़ा स्कोर बनाने का मौका हाथ से निकल गया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर को दीपक राजपूत और शौर्य सिंह (36 रन नाबाद) ने अच्छी शुरुआत दिलाई।
दोनों बल्लेबाज़ों के कैच लखनऊ के फील्डरों से छूटे और इसका खामियाज़ा उन्हें भुगतना पड़ा। कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने दो विकेट लेकर उम्मीद जगाई, लेकिन रिज़वी का आसान कैच टपकते ही मैच फाल्कन्स के हाथ से निकल गया। कानपुर सुपरस्टार्स ने 15.4 ओवर में ही 163 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की।