Trending

Nitish Rana: नितीश राणा ने दिल्ली प्रीमियर लीग में मचाया धमाल, तूफानी बल्लेबाजी करते हुए लगाया शानदार शतक

Nitish Rana: वेस्ट दिल्ली लायंस व साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के बीच खेला गया दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 का मैच धमाकेदार रहा. दोनों टीमों ने 200 से अधिक का स्कोर बनाया. वहीं एक शतक भी देखने को मिला. जो नितीश राणा के बल्ले से आया. वेस्ट दिल्ली के कप्तान ने तूफानी पारी खेलकर अपनी टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया. राणा ने अपनी पारी के दौरान छक्कों की बारिश कर दी. जिसमें साउथ दिल्ली की टीम बह गई.

नितीश राणा ने जड़ा शानदार शतक

नितीश राणा एक बार फिर सुर्खियां बटोर रहे हैं. 31 वर्षीय खिलाड़ी ने दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 में शानदार शतक लगाया. उन्होंने साउथ दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में दमदार बल्लेबाजी की. लेफ्ट हैंड बैटर ने नाबाद 134 रन ठोके. उनकी ये पारी महज 55 गेंदों पर आई.

नितीश ने अपनी पारी के दौरान 8 चौके व 15 गगनचुंबी छक्के लगाए. साथ ही इस दौरान राणा का स्ट्राइक रेट 243.64 का रहा. उन्होंने केवल 42 गेंदों पर सैंकड़ा जड़ दिया. नितीश राणा शुरुआत से ही आक्रामक नजर आए. क्रीज पर आते ही इस खिलाड़ी ने गेंदबाजों के खिलाफ प्रहार करना शुरू कर दिया.

वेस्ट दिल्ली ने दर्ज की शानदार जीत
इस मैच के स्कोरकार्ड पर नजर डालें तो वेस्ट दिल्ली लायंस के कप्तान नितीश राणा ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करने आई साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 201 रनों का स्कोर खड़ा किया. तेजस्वी दहिया ने अपनी टीम के लिए सबसे अधिक 60 रनों का योगदान दिया.

वहीं अनमोल शर्मा ने भी 55 रनों की पारी खेली. जवाब में लक्ष्य का पीछा करने आई वेस्ट दिल्ली की टीम ने 17 गेंदें रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया. शानदार बल्लेबाजी करने वाले नितीश राणा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.