अल्काराज़ ने चोट के बावजूद अमेरिकी ओपन में जीत की लय बरकरार रखी
कार्लोस अल्काराज़ ने आर्थर ऐश स्टेडियम में दाहिने घुटने में चोट लगने के बावजूद सीधे सेटों में जीत के साथ अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के चौथे दौर में जगह बनाई।

अमेरिकी ओपन में 2022 में पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले दूसरे नंबर के खिलाड़ी अल्काराज़ टूर्नामेंट में पहली बार चोटिल हुए। उन्होंने मेडिकल टाइमआउट लिया और एक ट्रेनर से अपने पैर की मालिश करवाई। इस 22 वर्षीय खिलाड़ी ने इसका असर अपने खेल पर नहीं पड़ने दिया और 32वें नंबर के लुसियानो डार्डेरी को 6-2, 6-4, 6-0 से हराया।
अल्काराज़ ने ट्रेनर के आने को एहतियाती बताते हुए कहा, ‘‘मुझे बस लगा कि घुटने में कुछ ठीक से काम नहीं कर रहा है, लेकिन इसके बाद यह ठीक हो गया। चिंता की बात नहीं है।’’ चौथे दौर में उनकी टक्कर आर्थर रिंडरक्नेच से होगी। अल्काराज़ ने तीसरे दौर में जीत दर्ज करके अपने करियर ग्रैंड स्लैम रिकॉर्ड को 80-13 कर दिया है।
बोरिस बेकर, ब्योर्न बोर्ग और राफेल नडाल उनसे एक या दो महीने छोटे थे, जब उन्होंने ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में अपनी 80वीं जीत दर्ज की थी। दुनिया में 82वीं रैंकिंग के रिंडरकनेच बेंजामिन बोन्ज़ी को 4-6, 6-3, 6-3, 6-2 से हराकर पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के चौथे दौर में पहुंचे।
महिला वर्ग में 2021 की चैंपियन एम्मा राडुकानू का सफर एलेना रयबाकिना से 6-1, 6-2 से हार के साथ समाप्त हुआ। गत चैंपियन एरिना सबालेंका और 2024 की उपविजेता जेसिका पेगुला भी अगले दौर में जगह बनाने में सफल रही जबकि बारबोरा क्रेजिकोवा ने 10वीं रैंकिंग की एम्मा नवारो को तीन सेटों में हराया। पुरुष वर्ग में अमेरिका के खिलाड़ियों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा तथा नंबर छह बेन शेल्टन और नंबर 17 फ्रांसेस टियाफो दोनों को हार मिली।