राजस्थान रॉयल्स से राहुल द्रविड़ का दूसरा कार्यकाल समाप्त, बड़ा पद ठुकराया
राहुल द्रविड़ ने आईपीएल के आगामी सीजन से पहले राजस्थान रॉयल्स से नाता तोड़ लिया है। राजस्थान रॉयल्स ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। द्रविड़ को आईपीएल 2025 सीजन से पहले रॉयल्स का मुख्य कोच बनाया गया था। फ्रेंचाइजी ने बताया कि द्रविड़ को राजस्थान में बड़े पद का ऑफर दिया गया था लेकिन दिग्गज क्रिकेटर ने इसे ठुकरा दिया।

इसके साथ ही टीम के साथ उनका दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया। फ्रेंचाइजी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि 52 वर्षीय दिग्गज को 6 सितंबर, 2024 को बहु-वर्षीय कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त किया गया था और हाल ही में उन्हें एक भूमिका की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने इस पद को अस्वीकार कर दिया।
पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ इससे पहले 2011 से 2015 के बीच खिलाड़ी और कोच के रूप में रॉयल्स के साथ थे। द्रविड़ पिछले साल भारतीय टीम के मुख्य कोच के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद फ्रेंचाइजी में मुख्य कोच के रूप में शामिल हुए थे। हालांकि उनकी वापसी शानदार नहीं रही।
क्योंकि राजस्थान रॉयल्स की टीम का आईपीएल 2025 में प्रदर्शन निराशाजनक रहा। आईपीएल 2025 का सीजन राहुल द्रविड़ के लिए व्यक्तिगत रूप से भी काफी चुनौतीपूर्ण रहा था। उन्हें पैर में चोट लगी थी, जिसके कारण उन्हें काफी समय तक व्हीलचेयर पर रहना पड़ा, हालांकि वह टीम को कोचिंग देते रहे।
बतौर खिलाड़ी द्रविड़ 2011 में आरआर के साथ जुड़े थे। 2014 और 2015 में बतौर मेंटॉर आरआर को अपनी सेवा देने से पहले द्रविड़ 2012 और 2013 में भी आरआर का बतौर खिलाड़ी हिस्सा रहे थे।
आरआर का साथ छोड़ने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स और अब आरआर बिना मुख्य कोच के हैं। पिछले महीने चंद्रकांत पंडित केकेआर से अलग हुए थे। आरआर के पास इस समय कुमार संगकारा बतौर क्रिकेट निदेशक, विक्रम राठौर बल्लेबाजी कोच और शेन बॉन्ड गेंदबाजी कोच के रूप में मौजूद हैं।
2008 के बाद से ही आरआर ने कोई आईपीएल खिताब अपने नाम नहीं किया है। उनके दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आईपीएल 2022 में आया था जब गुजरात टाइटंस के हाथों उन्हें फाइनल में हार मिली थी। राजस्थान रॉयल्स ने एक्स पर एक बयान में कहा, “राहुल कई वर्षों से रॉयल्स की यात्रा के केंद्र में रहे हैं।
उनके नेतृत्व ने खिलाड़ियों की एक पीढ़ी को प्रभावित किया है, टीम में मजबूत मूल्यों का संचार किया है और फ्रेंचाइजी की संस्कृति पर एक अमिट छाप छोड़ी है।”
बयान में कहा गया, “फ्रेंचाइजी की संरचनात्मक समीक्षा के तहत राहुल को एक बड़े पद की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।
राजस्थान रॉयल्स, उसके खिलाड़ी और दुनिया भर के लाखों प्रशंसक, फ्रेंचाइजी के प्रति उनकी उल्लेखनीय सेवा के लिए राहुल का हार्दिक धन्यवाद करते हैं।” राजस्थान रॉयल्स पिछले सीजन 14 मैच खेलते हुए सिर्फ चार जीत हासिल कर सकी। टीम पॉइंट्स टेबल में नौवें स्थान पर रही।