Trending

हार के बाद सिनर की जबरदस्त वापसी, अमेरिकी ओपन में विजय यात्रा जारी

दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर ने पहला सेट हारने के बाद शानदार वापसी करके अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखा और लोगों को यह भी याद दिलाया कि वह कोई मशीन नहीं हैं।

साभार : गूगल

मौजूदा चैंपियन सिनर ने दुनिया के 27वें नंबर के डेनिस शापोवालोव को 5-7, 6-4, 6-3, 6-3 से हराकर चौथे दौर में जगह बनाई। मैच के बाद सिनर ने कहा, ‘‘मैं कोई मशीन नहीं हूं और आप सब यह जानते हैं। मुझे भी कभी-कभी संघर्ष करना पड़ता है। मुझ पर भी दबाव होना स्वाभाविक है। आपको मैच के अनुसार सामंजस्य बिठाना पड़ता है।’’

इटली के इस खिलाड़ी ने इस तरह से हार्डकोर्ट पर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए उनका सामना अमेरिका के 14वें नंबर के टॉमी पॉल या कजाकिस्तान के 23वें नंबर के अलेक्जेंडर बुब्लिक से होगा।

सिनर ने इस जीत से हार्डकोर्ट पर होने वाले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में अपने अजेय अभियान को 24 मैचों तक बढ़ा दिया है। इसमें 2024 में अमेरिकी ओपन और 2024 और 2025 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन के खिताब भी हैं। उन्होंने जुलाई में ग्रास कोर्ट पर विंबलडन में भी ट्रॉफी जीती थी।