Trending

जोकोविच का नया इतिहास : चारों ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी

38 वर्षीय नोवाक जोकोविच ने यूएस ओपन 2025 के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इसके साथ ही वे एक ही सीज़न में चारों ग्रैंड स्लैम सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।

साभार : गूगल

जोकोविच ने आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में क्वालिफायर जान-लेनार्ड स्ट्रफ को सीधे सेटों में 6-3, 6-3, 6-2 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ जोकोविच यूएस ओपन क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले चौथे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं।

इससे पहले पंचो गोंजालेज, केन रोजवॉल और जिमी कॉनर्स इस सूची में शामिल हैं। कॉनर्स ने 1991 में 39 साल की उम्र में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। जोकोविच के लिए यह यूएस ओपन सिंगल्स में 14वां क्वार्टर फाइनल है, जिससे उन्होंने रोजर फेडरर और आंद्रे अगासी (दोनों 13 बार) को पीछे छोड़ा है।

ओपन एरा में सबसे ज्यादा यूएस ओपन क्वार्टर फाइनल खेलने वाले पुरुष खिलाड़ियों की सूची में वे अब दूसरे स्थान पर हैं। इस सूची में जिमी कॉनर्स शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 17 बार यह मुकाम हासिल किया। फिलहाल, नोवाक जोकोविच अपने करियर के 25वें ग्रैंड स्लैम सिंगल्स खिताब की तलाश में हैं।

अगला मुकाबला उनका चौथी वरीयता प्राप्त अमेरिकी खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज से होगा, जिन्होंने तोमास माचाक को सीधे सेटों में हराया था। 22 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेक को 7-6(3), 6-3, 6-4 से हराकर ओपन एरा में 13 ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले सबसे युवा पुरुष खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया है।

अब उनका सामना 20वीं वरीयता प्राप्त चेक खिलाड़ी जिरी लेहेका से होगा। यह मुकाबला इस समर के क्वींस क्लब फाइनल का रीमैच होगा, जहां अल्काराज ने 7-5, 6-7(5), 6-2 से जीत हासिल की थी।

अल्काराज का मौजूदा सीज़न शानदार रहा है। उन्होंने ग्रैंड स्लैम्स में अब तक 21-2 का रिकॉर्ड बनाया है। वे ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे, रोलां गैरो में तीन चैंपियनशिप प्वाइंट्स बचाकर खिताब जीता, और विंबलडन के फाइनल तक का सफर तय किया।

फ्रेंच खिलाड़ी आर्थर रिंडरकनेक के लिए यह पहला मौका था जब वे किसी ग्रैंड स्लैम के राउंड ऑफ 16 में पहुंचे थे। वे 2019 में गेल मोनफिल्स के बाद यूएस ओपन क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले पहले फ्रांसीसी खिलाड़ी बन सकते थे, अल्काराज ने उनका यह सपना तोड़ दिया।