Trending

आईसीसी का महिला क्रिकेट को बड़ा तोहफा : 2025 वुमेंस वर्ल्ड कप में प्राइज मनी में भारी वृद्धि

आईसीसी ने वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के लिए प्राइज मनी की घोषणा कर दी है। इस बार महिलाओं के इस प्रमुख टूर्नामेंट के लिए प्राइज मनी में भारी बढ़ोतरी की गई है।

साभार : गूगल

30 सितंबर से 2 नवंबर तक भारत और श्रीलंका में होने वाले इस विश्व कप की इनामी राशि पिछले संस्करण की तुलना में 297% ज्यादा है। पिछली बार, यानी 2022 में खेले गए वुमेंस वनडे वर्ल्ड कप की कुल प्राइज मनी 3.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर थी, जबकि 2025 के टूर्नामेंट के लिए आईसीसी ने 13.88 मिलियन डॉलर का बजट रखा है।

यहां तक कि इस बार महिलाओं को मिलने वाली कुल राशि मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2023 की कुल प्राइज मनी (10 मिलियन डॉलर) से भी अधिक है। इस विश्व कप का 13वां संस्करण पांच मैदानों पर खेला जाएगा — गुवाहाटी, इंदौर, नवी मुंबई, विशाखापत्तनम और श्रीलंका के कोलंबो।

विजेता टीम को 4.48 मिलियन डॉलर (लगभग साढ़े 39 करोड़ रुपये) का इनाम मिलेगा, जो पिछली बार मिली राशि से 239% ज्यादा है। पिछली बार न्यूजीलैंड में हुए टूर्नामेंट में विजेता ऑस्ट्रेलिया को 1.32 मिलियन डॉलर (करीब 11.65 करोड़ रुपये) मिले थे।

उल्लेखनीय है कि पिछले मेंस वर्ल्ड कप की विजेता टीम को 4 मिलियन डॉलर (लगभग 35 करोड़ रुपये) मिले थे। वर्ल्ड कप 2025 की उपविजेता टीम को 2.24 मिलियन डॉलर (करीब 19.80 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जो पिछले संस्करण की तुलना में 273% ज्यादा है।

पिछले टूर्नामेंट में इंग्लैंड को केवल 600,000 डॉलर (करीब सवा 5 करोड़ रुपये) मिले थे। सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को 1.12 मिलियन डॉलर (लगभग 9.88 करोड़ रुपये) का इनाम दिया जाएगा, जबकि 2022 में यह राशि सिर्फ 300,000 डॉलर थी।

साथ ही, ग्रुप स्टेज में एक मैच जीतने पर टीम को अतिरिक्त 34,314 डॉलर दिए जाएंगे। पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 700,000 डॉलर और सातवें-आठवें स्थान वाली टीमों को 280,000 डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी। हर टीम को 250,000 डॉलर अलग से दिए जाएंगे।

आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 प्राइज मनी

विजेता टीम : 4.48 मिलियन यूएस डॉलर (करीब साढ़े 39 करोड़ रुपये)

उपविजेता टीम : 2.24 मिलियन यूएस डॉलर (19.80 करोड़ रुपये)

सेमीफाइनल हार : 1.12-1.12 मिलियन यूएस डॉलर (करीब 9.88-9.88 करोड़ रुपये)

पांचवें और छठे स्थान के लिए : 7-7 लाख डॉलर (6.17-6.17 करोड़ रुपये)

सातवें और आठवें के लिए : 2 लाख 80 हजार डॉलर (ढाई-ढाई करोड़ रुपये)

हर टीम के लिए : ढाई-ढाई लाख डॉलर (2.20 करोड़ रुपये)

अलग से ग्रुप स्टेज का एक मैच जीतने पर  : 34,314 डॉलर (30 लाख रुपये)

महिलाओं की प्रतिस्पर्धा के लिए प्राइज मनी में इतनी बड़ी बढ़ोतरी करने के पीछे का उद्देश्य आईसीसी का ये है कि महिला क्रिकेट का भी विकास हो।

मेंस और वुमेंस में पै पैरिटी यानी वेतन समानता भी जारी रखी गई है, जिसका ऐलान आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 के दौरान आईसीसी ने किया था।

आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने कहा कि यह सही दिशा में एक और कदम है, क्योंकि विश्व संस्था महिला क्रिकेट को प्राथमिकता देती है।