Trending

किरोन पोलार्ड का फिर से धमाका : सीपीएल 2025 में छक्कों की बरसात

कैरेबियन प्रीमियर लीग में एक बार फिर से किरोन पोलार्ड की पागलपन भरी बल्लेबाजी देखने को मिली। लंबे-लंबे छक्के लगाने वाले किरोन पोलार्ड ने दिखा दिया कि भले ही उनकी उम्र 38 हो चुकी है और वे कुछ जगह प्लेयर नहीं, बल्कि कोच के रूप में नजर आते हों, लेकिन जब उनके हाथ में बल्ला होता है तो आज भी उनसे खूंखार बल्लेबाज कोई और नहीं है।

यही कारण है कि सीपीएल 2025 के एक मैच में उन्होंने 8 गेंदों में सात छक्के जड़ दिए, जिनमें पांच छक्के उनके बल्ले से लगातार निकले। 1 सितंबर को ट्रिनबागो नाइट राइडर्स और सेंट किट्स एंड नैविस पेट्रियट्स के बीच 19वां लीग मैच खेला गया। इस मैच में किरोन पोलार्ड उस समय बल्लेबाजी करने उतरे जब टीम का स्कोर 78/3 था।

साभार : गूगल

इसके बाद उन्होंने कप्तान निकोलस पूरन के साथ मोर्चा संभाला और टीम के लिए तूफानी अंदाज में 90 रन और जोड़ दिए। इसी दौरान किरोन पोलार्ड के बल्ले से छक्कों की सुनामी देखने को मिली। उन्होंने 29 गेंदों में 2 चौके और 8 छक्कों की मदद से 65 रन बना दिए। 224 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट इस पारी में उनका था।

महज 21 गेंदों में उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। किरोन पोलार्ड ने इस पारी के दौरान बीच में जिन 8 गेंदों का सामना किया, उनमें से 7 गेंदों पर उन्होंने छक्के जड़े। यहां तक कि एक ही ओवर में लगातार चार छक्के उन्होंने वकार सलामखील को जड़े।

इसके अलावा नवियन बिदेशी की चार गेंदों में से तीन गेंदों को उन्होंने हवाई मार्ग के जरिए बाउंड्री के पार भेजा। इसी टूर्नामेंट में एक बार और वे 29 गेंदों में 65 रन बना चुके हैं। एक समय ऐसा लग रहा था कि टीम 150 के आसपास भी शायद ही जाए, लेकिन पोलार्ड की इसी पारी से टीम 179 तक पहुंची और बाद में मैच भी जीती।