बीसीसीआई ने खोला टाइटल स्पॉन्सरशिप का नया दरवाज़ा, गेमिंग और क्रिप्टो कंपनियां बाहर
फैंटेसी स्पोर्ट्स की प्रमुख कंपनी ड्रीम 11 के साथ समझौता टूटने के बाद, बीसीसीआई ने मंगलवार को भारतीय टीम के टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए नई बोलियां आमंत्रित की हैं।

इस बार बोलियों में वास्तविक धन वाले गेमिंग और क्रिप्टोकरेंसी कंपनियों को शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि सरकार ने ऐसे कारोबारों पर प्रतिबंध लगा रखा है।
हाल ही में ड्रीम 11 ने ‘ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम 2025’ के लागू होने की वजह से अपने रियल मनी गेम्स को बंद कर दिया है। इस अधिनियम में स्पष्ट कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति या संस्था ऑनलाइन मनी गेमिंग सेवाओं का संचालन, प्रोत्साहन या प्रचार नहीं करेगी, और न ही ऐसे गेम खेलने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करेगी।
ड्रीम 11 और माय 11 सर्कल का बीसीसीआई के साथ भारतीय टीम और इंडियन प्रीमियर लीग के लिए करीब 1000 करोड़ रुपये का टाइटल स्पॉन्सरशिप करार था।
बीसीसीआई से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि बोलियां लगाने वाला या उसके समूह की कोई भी कंपनी भारत या विश्व में ऑनलाइन मनी गेमिंग, सट्टेबाजी, जुआ या इसी तरह की गतिविधियों में संलग्न नहीं हो सकती। साथ ही, ऐसी कंपनियां भारत में किसी व्यक्ति को ऑनलाइन मनी गेमिंग या सट्टेबाजी की सेवाएं भी प्रदान नहीं करेंगी।
बोली लगाने वाले का समूह ऑनलाइन गेमिंग अधिनियम 2025 के तहत प्रतिबंधित किसी भी व्यवसाय से जुड़ा नहीं होना चाहिए। तंबाकू, शराब और ऐसी अन्य वस्तुएं जो सार्वजनिक नैतिकता के खिलाफ हों, इन कंपनियों को स्पॉन्सरशिप के लिए पात्र नहीं माना जाएगा।
बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि कुछ ब्रांड श्रेणियों को भी ‘ब्लॉक’ किया गया है क्योंकि इन क्षेत्रों में पहले से ही बीसीसीआई के प्रायोजक मौजूद हैं।
इनमें एथलेटिक और खेल परिधान निर्माता, बैंकिंग और वित्तीय सेवाएं, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां, बिना अल्कोहल वाले ठंडे पेय, पंखे, मिक्सर ग्राइंडर, सुरक्षा ताले और बीमा शामिल हैं। वर्तमान में एडिडास, कैंपा कोला, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एसबीआई लाइफ बीसीसीआई से जुड़े हुए हैं।
बीसीसीआई ने यह भी कहा है कि यदि कोई बोली लगाने वाला या उसका समूह एक से अधिक श्रेणियों में आता है, जिनमें से कोई एक भी ब्लॉक सूची में हो, तो उस बोली को अनुमति नहीं दी जाएगी।
साथ ही, ‘सरोगेट’ ब्रांड के जरिए बोलियां लगाना भी प्रतिबंधित है, जिसका मतलब है कि कोई संस्था या व्यक्ति किसी अन्य के नाम, ब्रांड या पहचान का उपयोग करके अप्रत्यक्ष रूप से बोली न लगाए। आईईओआई खरीदने की अंतिम तारीख 12 सितंबर है, जबकि बोली के दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर निर्धारित हुई।