सन्नी बेकर का डेब्यू बना ‘डरावना सपना’, रिकॉर्ड बन गया शर्म का कारण
हर क्रिकेटर अपने डेब्यू को खास बनाना चाहता है, लेकिन इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ सन्नी बेकर के लिए उनका पहला वनडे मैच किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा।

लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए पहले वनडे में सन्नी बेकर ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया, लेकिन यह डेब्यू यादगार बनने के बजाय शर्मनाक रिकॉर्ड के साथ दर्ज हो गया।
सन्नी बेकर से उम्मीद थी कि वह अपनी रफ्तार और स्विंग से साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज़ों को परेशान करेंगे, लेकिन मैदान पर जो हुआ, वह इसके बिल्कुल उलट था।
न केवल इंग्लैंड की बल्लेबाज़ी निराशाजनक रही, बल्कि बेकर की गेंदबाज़ी उससे भी खराब साबित हुई। उन्होंने अपने पहले ही मैच में ऐसा रिकॉर्ड बनाया जिसे कोई गेंदबाज़ अपने डेब्यू पर नहीं देखना चाहेगा। सन्नी बेकर ने 7 ओवर की गेंदबाज़ी में बिना कोई विकेट लिए 76 रन लुटाए, और इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 10.85 रहा।
यह प्रदर्शन उन्हें इंग्लैंड की ओर से वनडे डेब्यू पर सबसे ज्यादा रन देने वाला गेंदबाज़ बना देता है। उन्होंने लियाम डॉसन (70 रन बनाम पाकिस्तान, 2016), डेविड लॉरेंस (67 रन बनाम वेस्टइंडीज, 1991) और जॉर्ज स्क्रिमशॉ (66 रन बनाम आयरलैंड, 2023) जैसे गेंदबाज़ों को पीछे छोड़ दिया।
बेकर की खराब गेंदबाज़ी का सबसे बड़ा कारण साउथ अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज़ एडेन मार्कराम रहे, जिन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज़ अपनाया और बेकर को निशाने पर लिया।
उनके पहले ही ओवर में मार्कराम ने तीन चौके जड़ दिए, जिससे बेकर दबाव में आ गए और पूरे मैच में इससे उबर नहीं सके। कुल मिलाकर, यह डेब्यू सन्नी बेकर के लिए सीखने का मौका तो रहा, लेकिन इसे वह याद रखना शायद ही पसंद करें।
वनडे डेब्यू पर इंग्लैंड के गेंदबाज द्वारा दिए गए सर्वाधिक रन
76 : सन्नी बेकर बनाम दक्षिण अफ्रीका, लीड्स, 2025 (इकॉनमी रेट 10.85)
70 : लियाम डॉसन बनाम पाकिस्तान, कार्डिफ़, 2016 (इकॉनमी रेट 8.75)
67 : डेविड लॉरेंस बनाम वेस्टइंडीज, लॉर्ड्स, 1991 (इकॉनमी रेट 6.09)
66 : जॉर्ज स्क्रिमशॉ बनाम आयरलैंड, नॉटिंघम, 2023 (इकॉनमी रेट 7.61)
लिस्ट में वही गेंदबाज हैं, जिन्होंने 7 या इससे ज्यादा ओवर फेंके हैं