भारत के शतरंज सितारे तैयार, आर प्रज्ञानानंदा से टक्कर अमेरिका के जैफ्री शियोंग से
शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत के नंबर एक शतरंज खिलाड़ी आर प्रज्ञानानंदा फिडे ग्रैंड स्विस टूर्नामेंट के पहले दौर में अमेरिका के ग्रैंडमास्टर जैफ्री शियोंग से भिड़ेंगे, जबकि मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश का सामना फ्रांस के एटियेने बाकरोट से होगा। टूर्नामेंट के ओपन वर्ग में 116 और महिला वर्ग में 56 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

कुल इनामी राशि 8,55,000 अमेरिकी डॉलर है, जिसमें से 6,25,000 डॉलर ओपन वर्ग के लिए निर्धारित हैं। यह प्रतियोगिता अगले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाइंग इवेंट है। हालांकि, शीर्ष ग्रैंडमास्टर्स मैग्नस कार्लसन, फेबियानो कारूआना और हिकारू नकामूरा इस बार हिस्सा नहीं ले रहे हैं।
कार्लसन क्लासिकल शतरंज में रुचि नहीं रखते और वह विश्व चैंपियनशिप में भी भाग नहीं लेते। वहीं, कारूआना पहले ही कैंडिडेट्स के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं और नकामूरा को उम्मीद है कि वह जनवरी 2026 तक की औसत रेटिंग के आधार पर क्वालीफाई कर लेंगे।
ओपन और महिला वर्ग से कैंडिडेट्स के लिए दो-दो कोटा स्थान निर्धारित हैं। इन दिग्गजों की गैरहाजिरी में शीर्ष वरीयता भारतीय खिलाड़ियों को मिली है। दुनिया के चौथे, पांचवें और छठे नंबर के खिलाड़ी — प्रज्ञानानंदा, अर्जुन एरिगेसी और डी गुकेश — खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख इस बार ओपन वर्ग में खेल रही हैं। वह पहले ही महिला कैंडिडेट्स के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं, इसलिए महिला वर्ग में हिस्सा नहीं ले रही हैं।
पहले दौर में उनका मुकाबला हमवतन अभिमन्यु पुराणिक से होगा। भारत से ओपन वर्ग में कुल 15 खिलाड़ी और महिला वर्ग में तीन खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। महिला वर्ग में डी. हरिका, पिछली विजेता आर. वैशाली और वंतिका अग्रवाल शामिल हैं। कोनेरू हम्पी महिला कैंडिडेट्स के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं, इसलिए वह इस टूर्नामेंट में भाग नहीं ले रही हैं।