यूपी टी-20 फाइनल : खिताब बचाने को मेरठ तैयार, काशी से कल होगी टक्कर
उत्तर प्रदेश टी-20 लीग का फाइनल शनिवार शाम भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम लखनऊ में खेला जाएगा। मौजूदा चैंपियन मेरठ मावरिक्स की टक्कर इस सीजन की सबसे दमदार टीम काशी रुद्रास से होगी।

मुकाबला रात 7:30 बजे शुरू होगा और दर्शकों को एक रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी। इस सीजन में काशी रुद्रास ने लीग स्टेज में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। क्वालिफायर-1 में काशी ने मेरठ को हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी। टीम के कप्तान करण शर्मा इस समय जबरदस्त फॉर्म में हैं।
उन्होंने 11 मैचों में 454 रन ठोकते हुए बल्ले से अहम योगदान दिया है। गेंदबाजी में शिवम मावी (20 विकेट), अटल बिहारी राय (19 विकेट), सुनील कुमार और कार्तिक यादव लगातार विरोधी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में सफल रहे हैं। मेरठ को अपने कप्तान रिंकू सिंह की कमी खलेगी, क्योंकि वह एशिया कप टीम के साथ जुड़ चुके हैं।
इसके बावजूद टीम में अनुभव और युवा जोश का सही संतुलन है। बल्लेबाजी में स्वास्तिक चिकारा (370 रन), रितुराज शर्मा (354 रन) और कप्तान माधव कौशिक (280 रन) किसी भी गेंदबाज को ध्वस्त करने का दम रखते हैं।
गेंदबाजी में कार्तिक त्यागी (17 विकेट), विजय कुमार (16 विकेट) और स्पिनर जीशान अंसारी (15 विकेट) एक बार फिर टीम की उम्मीदों का केंद्र रहेंगे।
जहां काशी रुद्रास दूसरी बार खिताब जीतने के करीब है, वहीं मेरठ मावरिक्स अपने ताज को बचाने और दूसरी बार चैंपियन बनने के लिए उतरेगी। इकाना स्टेडियम में यह फाइनल मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर रहने वाला है।
मेरठ मावरिक्स स्क्वॉड : दिव्यांश जोशी, दिव्यांश राजपूत, माधव कौशिक, रिंकू सिंह (कप्तान), ऋतुराज शर्मा, सचिन सिंह, स्वास्तिक चिकारा, रितिक वत्स, विशाल चौधरी, अक्षय दुबे, आदित्य कुमार सिंह, कार्तिक त्यागी, रजत संसारवाल, वैभव चौधरी, विजय कुमार, यश गर्ग, जीशान अंसारी
काशी रुद्रास स्क्वॉड : अभिषेक गोस्वामी, अरनव बलियान, शुभम चौबे, सुधांशु सोनकर, उवैस अहमद, यशोवर्धन सिंह, अमर चौधरी, करण शर्मा (कप्तान), ऋषभ राजपूत, सक्षम राय, उपेंद्र यादव, अटल बिहारी राय, भव्य गोयल, दीपांशु यादव, हर्ष पायल, शिवा सिंह, शिवम मावी, सुनील कुमार
कल लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जाने वाले यूपी टी-20 लीग के फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा, मेरठ मावरिक्स की ओर से माधव कौशिक और यूपी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डी.एस. चौहान मौजूद रहे।
दोनों टीमों ने फाइनल मुकाबले को लेकर अपनी रणनीति साझा की और जीत का भरोसा जताया। यूपी टी 20 लीग के चेयरमैन डी.एस. चौहान ने कहा “टूर्नामेंट की सफलता इस बात का सबूत है कि यूपी का घरेलू क्रिकेट अब नए मुकाम पर पहुंच रहा है।”
• काशी रुद्रास: टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन।
• अंक तालिका में शुरुआत से शीर्ष स्थान बनाए रखा।
• कप्तान करण शर्मा बोले – टीम का आत्मविश्वास बुलंद है।
• मेरठ मावरिक्स –सेमीफाइनल में लखनऊ टीम को हराकर फाइनल में पहुंची।
• कप्तान माधव कौशिक बोले – हम फाइनल में दमदार खेल दिखाने को तैयार हैं।