Trending

महिला एशिया कप, नवनीत कौर का निर्णायक गोल, भारत ने जापान से 2-2 से खेल ड्रॉ

नवनीत कौर के आखिरी क्षणों में पेनल्टी कॉर्नर पर दागे गोल से भारत ने दो बार पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे पूल मैच में जापान को 2-2 से बराबरी पर रोक दिया।

@TheHockeyIndia

हिरोका मुरायामा ने 10वें मिनट में गोल करके विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर काबिज जापान को बढ़त दिलाई लेकिन 30वें मिनट में रुतजा दादासो पिसाल ने भारत के लिए बराबरी का गोल किया।

चिको फुजीबायाशी ने 58वें मिनट में जापान को एक बार फिर आगे कर दिया मगर मैच के आखिरी मिनट में नवनीत ने गोल करके मुकाबला ड्रॉ करा दिया। विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज भारत ने अपने पहले मैच में थाईलैंड को 11-0 से हराया था और उसके सामने आठ सितंबर को सिंगापुर की चुनौती होगी।

टूर्नामेंट में आठ टीमें भाग ले रही हैं। दोनों पूल की शीर्ष दो टीमें सुपर चार चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी। सुपर चार में शीर्ष दो टीमें 14 सितंबर को फाइनल में भिड़ेंगी।

भारत इस टूर्नामेंट में अपनी अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया और ड्रैग-फ्लिकर दीपिका के बिना खेल रहा है। ये दोनों खिलाड़ी चोटिल हैं। एशिया कप को जीतने वाली टीम 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड में खेले जाने वाले महिला विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई कर जाएगी।