भारतीय पुरुष हॉकी टीम शानदार प्रदर्शन के साथ एशिया कप फाइनल में, चीन को चटाई धूल
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप में फिर एक बार अपना दबदबा दिखाया और शानदार प्रदर्शन के साथ फाइनल में जगह बनाई। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में टीम ने चीन को 7-0 से करारी शिकस्त दी, जिससे अपनी लगातार अपराजित स्थिति को बरकरार रखा।
इस जीत ने न केवल दर्शकों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि कोरिया की भी फाइनल की राह आसान बना दी। रविवार को भारत का मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन कोरिया से होगा, जहाँ हर भारतीय की निगाहें टीम पर टिकेंगी। घरेलू दर्शकों के समर्थन से भारतीय टीम का उत्साह चरम पर है, और वे खिताब जीतकर देश को गर्वित करने की पूरी कोशिश करेंगे।

भारत ने चीन को 7-0 से हराया। भारत से शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह, मनदीप, राजकुमार पाल, सुखजीत सिंह और अभिषेक ने गोल किए। भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए ड्रॉ या जीत की जरुरत थी और टीम ने टूर्नामेंट में अपने दबदबे को कायम रखा।
कोरिया ने कांटे के मुकाबला में मलेशिया को 4-3 से हराया। इस हार के साथ मलेशिया फाइनल की दौड़ से बाहर हो गया है। भारत और कोरिया के बीच टूर्नामेंट का फाइनल रविवार को होगा। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चीन के खिलाफ आखिरी सुपर-4 मुकाबले में दमदार शुरुआत की। शिलानंद लाकड़ा ने भारत के लिए पहला गोल दागा।
चौथे मिनट में ही भारत ने चीन पर बढ़त हासिल कर ली। सातवें मिनट में भारत ने दूसरा गोल भी कर दिया। पहले ही क्वार्टर में भारत ने पेनल्टी कॉर्नर को भुनाया और दिलप्रीत सिंह ने गोल करके भारत को 2-0 की लीड दी। दूसरे क्वार्टर में भारत ने फिर दबाव बनाया और पेनल्टी कॉर्नर हासिल की, जहां पर मनदीप सिंह ने भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया।
दूसरे क्वार्टर में भी चीन की टीम बैकफुट पर रही। हाफ टाइम तक भारत ने 3-0 की बढ़त बना ली। चीन को एक बार भी पेनल्टी कॉर्नर नहीं मिला। तीसरे क्वार्टर में भारत ने दो गोल किए। 37वें मिनट में राजकुमार पाल ने गोल किया और फिर 39वें मिनट में सुखजीत सिंह ने जमीन पर गिरते हुए गोल दागा। चीन तीसरे क्वार्टर में भी गोल नहीं कर पाई।
चौथे क्वार्टर के शुरुआत में ही भारत ने गोल किया। अभिषेक ने भारत के लिए छठा गोल किया। इसी के साथ भारत ने 6-0 की बढ़त बना ली। 50वें मिनट में भारत ने मैच का सातवां गोल दागा।
भारत की इस जीत से कोरिया को भी फायदा हुआ है। शुक्रवार तक ग्रुप में आखिरी स्थान पर रहने वाली कोरियाई टीम ने भी मलेशिया और चीन को पीछे छोड़ते हुए फाइनल में जगह बना ली है। रविवार की शाम साढ़े सात बजे भारत और कोरिया के बीच खिताबी जंग होगी।
पांच बार के चैम्पियन और गत विजेता कोरिया का तीन बार के चैम्पियन भारत के साथ रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है। हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सुपर-4 में भी दमदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में पांच बार की विजेता दक्षिण कोरिया के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ के बाद भारत ने दूसरे सुपर 4 मैच में मलेशिया को 4-1 से मात दी।
चीन के खिलाफ बड़े मुकाबले में भी भारत का दबदबा कायम रहा। भारत ने चीन को 7-0 से हराया। इससे पहले पूल चरण में भारत ने चीन को 4-3 से हराया था। भारत को घरेलू दर्शकों के सामने खेलने का फायदा मिलेगा।
पांच हजार से अधिक दर्शक मैच में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे। फाइनल में भारतीय टीम जीत दर्ज कर दर्शकों को तोहफा देने का प्रयास करेगी। भारत की टीम अभी तक इस टूर्नामेंट में अपराजित है। कोरिया के खिलाफ मुकाबला ड्रॉ रहा था। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों को सतर्क रहना होगा।
हालांकि डिफेंडिंग चैम्पियन कोरिया ने अभी तक मिला-जुला प्रदर्शन किया है। टूर्नामेंट में मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद और राजिंदर सिंह ने मिडफील्ड में अच्छा खेल दिखाया है। मलेशिया के खिलाफ फॉरवर्ड पंक्ति से उनका तालमेल कमाल का था।
हार्दिक ने खास तौर पर तेज ड्रिबलिंग और अकेले गेंद लेकर दौड़ते हुए कई मौके बनाये। भारत तीन मैचों में सात अंक लेकर शीर्ष पर है, जबकि चीन और मलेशिया के तीन अंक है। कोरिया चार अंक लेकर फाइनल में पहुंच गया है। सुपर 4 चरण से शीर्ष दो टीमें फाइनल में जायेंगी, ऐसे में भारत के साथ कोरिया खिताबी मुकाबला खेलेगा।