Trending

भारत बना एशिया का हॉकी सम्राट, चौथी बार जीता एशिया कप

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 फाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण कोरिया को 4-1 से करारी शिकस्त देते हुए चौथी बार यह प्रतिष्ठित खिताब जीता।

@TheHockeyIndia

भारत के लिए दिलप्रीत सिंह ने दो गोल दागे, जबकि सुखजीत सिंह और अमित रोहिदास ने एक-एक गोल कर टीम की जीत पक्की की। इस जीत के साथ भारत ने 2013 के फाइनल में कोरिया से मिली 4-3 की हार का बदला भी चुका लिया।

फाइनल की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। पहले क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने शानदार गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

@TheHockeyIndia

इसी क्वार्टर में भारत को एक पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला, लेकिन उसे गोल में नहीं बदला जा सका। दूसरे क्वार्टर में भारत केवल 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रहा था, फिर भी कोरियाई टीम गोल नहीं कर सकी।

इस दौरान दिलप्रीत सिंह ने बेहतरीन गोल करते हुए भारत की बढ़त 2-0 कर दी। हाफ टाइम तक स्कोर 2-0 रहा। तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने एक और गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। चौथे और अंतिम क्वार्टर में अमित रोहिदास ने गोल दागा और भारत की जीत लगभग पक्की कर दी।

मैच के अंतिम क्षणों में कोरिया ने एक सांत्वना गोल जरूर किया, लेकिन भारत ने मुकाबला 4-1 से जीता। भारत ने अब तक चार बार (2003, 2007, 2017, 2025) एशिया कप ट्रॉफी जीती है।

वहीं, दक्षिण कोरिया के नाम पांच खिताब हैं। पिछले 31 वर्षों में यह टूर्नामेंट भारत और कोरिया के बीच ही घूमता रहा है, जो दोनों टीमों की क्षेत्रीय प्रभुत्वता को दर्शाता है।

इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय हॉकी टीम एशियाई स्तर पर न केवल मजबूत है, बल्कि लगातार इतिहास रचने की काबिलियत भी रखती है। हॉकी प्रेमियों के लिए यह जीत एक गौरवपूर्ण और यादगार क्षण बन गई है।