क्रिस गेल का खुलासा, किंग्स इलेवन पंजाब ने किया मेरा अनादर
आईपीएल को लेकर वेस्टइंडीज के महान सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल ने एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने उस सीजन की सच्चाई और दर्द बयां किया है, जो उन्होंने पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) के साथ गुजारा था।

उन्होंने कहा है कि पंजाब की फ्रेंचाइजी ने उनका अनादर किया और उन्हें ऐसे ट्रीट किया, जैसे वे एक बच्चे हैं। उन्होंने केएल राहुल और अनिल कुंबले का भी जिक्र किया है, जो उस सम कप्तान और हेड कोच थे।
क्रिस गेल ने एक पॉडकास्ट में कहा, “पंजाब के साथ मेरा आईपीएल सीजन समय से पहले ही खत्म हो गया था। किंग्स इलेवन में मेरा अनादर किया गया। मुझे लगा कि एक सीनियर खिलाड़ी होने के बावजूद, जिसने लीग के लिए इतना कुछ किया और मूल्य अर्जित की, मेरे साथ ठीक से व्यवहार नहीं किया गया।
उन्होंने मेरे साथ एक बच्चे जैसा व्यवहार किया। जिंदगी में पहली बार, मुझे लगा कि मैं डिप्रेशन में जा रहा हूं। अनिल कुंबले से बात करते हुए मैं रो पड़ा, क्योंकि मैं बहुत आहत था। मैं उनसे और फ्रेंचाइजी के संचालन के तरीके से निराश था।
केएल राहुल ने मुझे फोन करके भी कहा, ‘क्रिस, रुको, तुम अगला मैच खेलोगे’ लेकिन मैंने बस कहा, ‘तुम्हें शुभकामनाएं’, और अपना बैग पैक करके बाहर निकल गया।” किंग्स इलेवन पंजाब के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए आईपीएल खेले हैं।
142 मैच वे इस लीग में खेले हैं। इनकी 141 पारियों में कुल 4965 रन उन्होंने बनाए हैं। 175 उनका बेस्ट है। 6 शतक और 31 अर्धशतक उन्होंने जड़े हैं।
2008 में उन्होंने आईपीएल डेब्यू किया था और इसके बाद 2021 में उन्होंने आखिरी आईपीएल मैच खेला है। 2021 के सीजन के तीन मैच पहले ही उन्होंने पंजाब किंग्स का साथ छोड़ दिया था और वे आगे इस लीग में नजर नहीं आए।