कार्लोस अल्काराज : यूएस ओपन का दूसरा ताज, नंबर वन की कुर्सी फिर हासिल
कार्लोस अल्काराज ने यूएस ओपन का खिताब जीता। रविवार को फाइनल में उन्होंने नंबर वन टेनिस प्लेयर यानिक सिनर को चार सेट तक चले मैच में हराया।

इस तरह कार्लोस अल्काराज ने एक और खिताब अपने नाम किया, जो ग्रैंड स्लैम का उनका छठा खिताब है। इस तरह उन्होंने राफेल नडाल की बराबरी कर ली। वे 23 साल से कम उम्र में 6 खिताब जीतने वाले तीसरे प्लेयर बन गए हैं। इतने ही खिताब राफेल नडाल ने भी 23 साल से पहले जीत लिए थे।
सात खिताब बीजोर्न बोर्ग ने जीते हैं। कार्लोस अल्काराज ने आर्थर ऐश स्टेडियम में खेले गए यूएस ओपन 2025 के फाइनल में यानिक सिनर को 6-2, 3-6, 6-1, 6-4 से हराया।
कार्लोस अल्काराज ने न सिर्फ छठा ओपन टाइटल जीता, बल्कि वे एटीपी रैंकिंग में नंबर वन की कुर्सी भी हासिल करने में सफल हुए, जिस पर पिछले 65 सप्ताह से यानिक सिनर का कब्जा था। कार्लोस अल्काराज का ये यूएस ओपन का दूसरा टाइटल है। 2022 में भी वे इस खिताब को जीत चुके हैं, जो उनका पहला ग्रैंड स्लैम टाइटल था।
तीन साल के इंतजार के बाद फिर से वे इसके चैंपियन बने हैं। स्पेन के कार्लोस अल्काराज ओपन एरा में जॉन मैकेनरो और पीट सम्प्रास के बाद तीसरे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 23 वर्ष की आयु से पहले यूएस ओपन में एक से ज्यादा सिंगल्स टाइटल जीते हैं।
1978 में जब से अमेरिकी ओपन हार्ड कोर्ट में स्थानांतरित हुआ है, कार्लोस अल्काराज 23 साल से कम की उम्र में एक से ज्यादा ग्रैंड स्लैम खिताब हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी हैं।
कार्लोस ने इससे पहले विंबलडन और फ्रेंच ओपन के भी दो-दो खिताब जीते हैं, लेकिन ऑस्ट्रेलियन ओपन में अभी खाता नहीं खोल पाए हैं। अगले साल के आगाज में उनका यही लक्ष्य होगा।