Trending

इतिहास रचते हुए भारत ने ओमान को हराया, सीएएफए नेशन्स कप में तीसरा स्थान

सोमवार को भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम ने ओमान को पेनल्टी शूट आउट में 3-2 से मात देकर सीएएफए नेशन्स कप फुटबॉल टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल किया।

@IndianFootball

भारत ने पश्चिम एशिया के अपने प्रतिद्वंद्वी को इतिहास में पहली बार शिकस्त दी। फुटबॉल रैंकिंग में जहां ओमान 79वें नंबर पर है, वहीं भारत 133वें पायदान पर है।

नियमित और अतिरिक्त समय के बाद मैच 1-1 से बराबर था जिसके बाद नतीजे के लिए शूट आउट का सहारा लिया गया। भारत को उदांता सिंह ने बराबरी दिलाई जबकि यहमादी ने ओमान से गोल किया था।

शूट आउट में बेहतर रैंकिंग वाली टीम ओमान ने अपने शुरुआती दो मौके गंवा दिए जबकि गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने अंतिम पेनल्टी को रोककर तीसरे-चौथे स्थान के क्लासीफिकेशन मुकाबले में भारत की जीत पक्की की।

शूट आउट में भारत से लालियनजुआला छांगटे, राहुल भेके और जितिन एमएस ने गोल दागे जबकि अनवर अली और उदांता सिंह गोल करने में नाकाम रहे। भारत ने इसी के साथ किसी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैच में ओमान को पहली बार हराया है।

दोनों टीम अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहीं थी जिससे उन्हें तीसरे स्थान के मुकाबले में खेलने का मौका मिला। भारत ने साल 2000 से ओमान के खिलाफ नौ मैच में से छह गंवाए हैं। दोनों टीम के बीच पिछला मुकाबला मार्च 2021 में खेला गया था जो 1-1 से ड्रॉ था।