Trending

निकहत जरीन की जोरदार वापसी, क्वार्टर फाइनल में प्रवेश

दो बार की विश्व विजेता निकहत जरीन ने मंगलवार को जापान की युना निशिनाका को हराकर विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

@BFI_official

51 किलोग्राम भार वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में गैर वरीय निकहत ने सर्वसम्मत निर्णय से जीत दर्ज की, स्कोरलाइन निशिनाका द्वारा दी गई कड़ी चुनौती को पूरी तरह बयां नहीं करती। 21 वर्षीय निशिनाका ने मुकाबले में जबरदस्त आक्रामकता दिखाई और निकहत को बार-बार क्लिंचिंग (पकड़) में उलझाए रखा, जिसके चलते रेफरी ने उनके दो अंक काटे।

पहले राउंड में जापानी मुक्केबाज ने 3-2 की बढ़त बनाई, लेकिन निकहत ने दूसरे राउंड में शानदार वापसी करते हुए 4-1 से राउंड अपने नाम किया। आखिरी राउंड में भी निकहत ने दबाव बनाए रखा और रेफरी ने एक बार फिर निशिनाका को क्लिंचिंग के लिए चेतावनी देते हुए दंडित किया।

इस जीत के साथ निकहत ने तीसरे विश्व चैंपियनशिप पदक की ओर कदम बढ़ा दिया है। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना दो बार की ओलंपिक रजत पदक विजेता और 2022 की लाइट फ्लाइवेट चैंपियन, तुर्की की बुसे नाज काकिरोग्लू से होगा — जो निकहत के करियर की सबसे कठिन चुनौती मानी जा रही है।

मंगलवार को लक्ष्य चाहर (80 किग्रा), मीनाक्षी हुड्डा (48 किग्रा), जादुमणि सिंह (50 किग्रा), अभिनाश जामवाल (65 किग्रा) और जुगनू (85 किग्रा) सहित पांच भारतीय मुक्केबाज प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेलेंगे। वहीं, सोमवार देर रात भारत को तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा।

सुमित कुंडू (75 किग्रा) को बुल्गारिया के मौजूदा यूरोपीय मिडिलवेट चैंपियन रामी किवान ने 5-0 से हराया। 60 किग्रा वर्ग में सचिन सिवाच को कजाखस्तान के बिबार्स झेक्सेन ने 4-1 से मात दी, जबकि 90 किग्रा से अधिक भार वर्ग में एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता नरेंद्र बेरवाल को इटली के डिएगो लेंजी के खिलाफ 1-4 से हार मिली। अब तक भारत की 20 सदस्यीय टीम के आधे से ज्यादा मुक्केबाज प्रतियोगिता से बाहर हो चुके हैं।