पृथ्वी शॉ पर कोर्ट का जुर्माना, इन्फ्लुएंसर सपना गिल मामले में जवाब देने में की देरी
डिंडोशी सेशंस कोर्ट ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सपना गिल के खिलाफ कथित मारपीट मामले में जवाब देने में देरी की वजह से भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ पर 100 रुपये का जुर्माना लगाया है।

सपना गिल के वकील अली काशिफ खान का कहना है कि यह फैसला कोर्ट की ओर से एक बड़ा संदेश है। वकील अली काशिफ खान ने एक समाचार एजेंसी से बताया, “हमने अपनी क्लाइंट के साथ हुई मारपीट के मामले में पृथ्वी शॉ और उनके साथियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
जब पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की, तो हमने अंधेरी मजिस्ट्रेट कोर्ट में जाकर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश मांगे, लेकिन कोर्ट ने पुलिस को सिर्फ पूछताछ का आदेश दिया।
इसके बाद हमने सेशंस कोर्ट डिंडोशी में इस आदेश को चुनौती दी। अब तक करीब एक साल गुजर चुका है, लेकिन इस मामले में पृथ्वी शॉ की तरफ से कोई जवाब नहीं आया।” उन्होंने आगे कहा, “सेशंस कोर्ट डिंडोशी के जज ने कई बार पृथ्वी शॉ को जवाब दाखिल करने का आदेश दिया, लेकिन उनके वकील ने जवाब देने के लिए कई बार तारीखें टाल दीं।
बुधवार को जब फिर जवाब मांगा गया, तो वकील ने फिर से समय मांगा। इस पर जज ने 100 रुपये का जुर्माना लगाया। यह जुर्माना मामूली हो सकता है, लेकिन यह कानून की समानता का संदेश है।
अब पृथ्वी शॉ को 16 दिसंबर तक जवाब दाखिल करना होगा।” अली काशिफ खान ने कहा, “मुझे लगता है कि उनके वकील जानबूझकर समय बर्बाद कर रहे हैं और मामले को टाल रहे हैं। शायद उनके पास जवाब ही नहीं है।
हमारा आरोप है कि पुलिस इस मामले में पक्षपाती है।” बताते चले कि फरवरी 2023 में अंधेरी के एक पब में सपना गिल और पृथ्वी शॉ के बीच सेल्फी को लेकर विवाद हुआ था।
सपना गिल का आरोप था कि उनकी दोस्त ने जब शॉ से सेल्फी मांगी, तो शॉ ने मना करते हुए उसका फोन छीनकर फेंक दिया। इसके अलावा, सपना ने हाथापाई और छेड़छाड़ के आरोप भी लगाए थे।