द्विपक्षीय मैचों में नहीं, मल्टीनेशनल टूर्नामेंट्स में खेलना होगा अनिवार्य : अरुण धूमल
यूएई में एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को होने वाले बहुचर्चित मुकाबले से पहले आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने पाकिस्तान के साथ खेल संबंधों को लेकर स्पष्ट स्थिति दे दी है।

उन्होंने बताया कि एसीसी और आईसीसी जैसे मल्टीनेशनल टूर्नामेंट्स में भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना अनिवार्य होगा। पहलगाम में अप्रैल में हुए आतंकवादी हमले में 26 पर्यटकों की मौत के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव बढ़ गया है।
इसके बाद भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर और सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने के विरोध के बीच यह मुद्दा उभरा है। भारत के पूर्व महान स्पिनर हरभजन सिंह ने हाल ही में कहा था कि दोनों देशों के रिश्ते सुधरने तक क्रिकेट या व्यापार नहीं होना चाहिए।
हरभजन जुलाई में इंग्लैंड में हुई विश्व लीजेंड्स चैम्पियनशिप मंर भी पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल नहीं खेलने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे।
पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने पहली बार पाकिस्तान के साथ खेल संबंधों को लेकर नीति बनाई है, जिसके तहत भारत किसी भी द्विपक्षीय टूर्नामेंट में पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलेगा, भले ही वह तटस्थ स्थान पर हो, लेकिन मल्टीनेशनल टूर्नामेंट्स में खेलना होगा।
धूमल ने कहा, “मैं भारतीय टीम को शुभकामनाएं देना चाहता हूं। सरकार ने पाकिस्तान के साथ खेलने को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। हम द्विपक्षीय मुकाबले नहीं खेलेंगे, लेकिन एसीसी और आईसीसी ट्रॉफी में खेलना अनिवार्य होगा। हम सरकार की सलाह का पालन करेंगे।”
बीसीसीआई अध्यक्ष के चुनाव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के अंदर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिसके बाद स्पष्ट हो जाएगा कि अगला अध्यक्ष कौन होगा।
सरकार द्वारा ऑनलाइन गेमिंग पर प्रतिबंध के बाद भारतीय टीम के टाइटल स्पॉन्सर ड्रीम11 के साथ समझौता खत्म होने पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा, “जो हुआ, वह हो चुका है। मैं इस पर बात नहीं करना चाहता। लेकिन नए स्पॉन्सर की तलाश की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीद है दो-तीन सप्ताह में नई जानकारी मिल जाएगी।”
आईपीएल की सफलता का श्रेय बीसीसीआई को देते हुए धूमल ने कहा कि इसकी नींव 2008 से पहले ही रख दी गई थी और बीसीसीआई ने वर्षों में खिलाड़ियों का शानदार पूल तैयार किया है, जिससे यह लीग इतनी सफल रही।
उन्होंने कहा, “आईपीएल सबसे खास इसलिए है क्योंकि यहां हर गेंद एक उत्सव की तरह होती है। पहले मैच में ब्रेंडन मैकुलम से लेकर पिछले सत्र में 14 साल के वैभव रघुवंशी तक, जिन्होंने आईपीएल की पहली गेंद पर छक्का लगाया। मैं कहता हूं कि लीग शुरू करने की बजाय बेहतरीन खिलाड़ी तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए, लीग अपने आप सफल हो जाएगी।”