Trending

32 साल बाद यूरोप में भारत की पहली जीत, डेविस कप क्वालीफायर्स में एंट्री

भारतीय पुरुष टेनिस टीम ने इतिहास रचते हुए डेविस कप क्वालीफायर्स में जगह बनाई। भारतीय टीम के सुमित नागल ने विश्व ग्रुप वन मुकाबले में स्विटजरलैंड के हेनरी बर्नेट को हराकर भारत को 3-1 से जीत दिलाई।

साभार : गूगल

बताया जा रहा है कि, सुमित नागल को चौथे मुकाबले में जेरोम किम से खेलना था लेकिन स्विस टीम ने मौजूदा जूनियर आस्ट्रेलियाई ओपन चैम्पियन बर्नेट को उतारा जो 1-6, 3-6 से हार गए।

इस मुकाबले से पहले ही दक्षिणेश्वर सुरेश और सुमित नागल ने एकल मुकाबलों में जेरोमी किम और मार्क आंद्रिया हुसलेर को हराकर भारत को 2-0 से बढत दिला दी थी। आपको बता दें कि, हेनरी बर्नेट एक आक्रमक खिलाड़ी है और उनकी इसी शैली ने उन खेल के दौरान गलतियां करने पर मजबूर किया। उनकी गलती का फायदा सुमित नागल को मिला।

यह नागल की डेविस कप में वापसी थी, जिन्होंने आखिरी बार सितंबर 2023 में मोरक्को के खिलाफ खेला था। यह जीत कप्तान रोहित राजपाल के लिए भी अहम है, जिन्होंने 2019 में महेश भूपति की जगह ली थी।

बता दें कि, भारत ने 32 साल में पहली बार विदेश में किसी यूरोपीय टीम को हराया है। इससे पहले लिएंडर पेस और रमेश कृष्णन ने 1993 में फ्रांस को क्वार्टर फाइनल में हराया था।

वहीं 2022 में दिल्ली में भारत ने डेनमार्क को ग्रासकोर्ट पर हराया था। डेविस कप क्वालीफायर का पहला दौर जनवरी 2026 में खेला जायेगा।

नागल ने जीत के बाद कहा, ‘‘यह काफी बड़ी जीत है. हम यूरोप में बहुत समय बाद जीते हैं और हमने इसके लिये काफी मेहनत की है. युगल मुकाबला कठिन था क्योंकि दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया।’’