एशिया कप : पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ उतरेंगे ये 5 भारतीय सितारे
भारत बनाम पाकिस्तान एशिया कप में 5 भारतीय खिलाड़ी पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ कोई टी-20 मैच खेलेंगे। इनमें से 2 खिलाड़ी 40 से अधिक इस फॉर्मेट में मैच खेल चुके हैं।

संजू सैमसन : 2015 में टी-20 डेब्यू करने वाले संजू सैमसन भारत के लिए अभी तक 43 टी-20 खेल चुके हैं, मगर आज तक उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिला। एशिया कप 2025 में यह पहली बार होगा जब वह पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे।
अभिषेक शर्मा : भारतीय विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ कोई टी-20 मैच खेलेंगे। अभी तक अपनी तूफानी बैटिंग से उन्होंने कई बड़ी-बड़ी टीमों के गेंदबाजों को धोया है। अभिषेक आईसीसी टी20 रैंकिंग में पहले पायदान पर हैं।
कुलदीप यादव : कुलदीप यादव एक और भारतीय अनुभवी खिलाड़ी हैं जिन्होंने अभी तक पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 मैच नहीं खेला है। कुलदीप यादव को 41 टी-20 का अनुभव है।
शुभमन गिल : भारतीय टेस्ट कप्तान और टी20 के उप-कप्तान शुभमन गिल ने वनडे में तो पाकिस्तान की खूब धज्जियां उड़ाई है, मगर टी-20 में आज तक उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिला है।
तिलक वर्मा : मौजूदा टी-20 रैंकिंग में नंबर-2 पर मौजूद तिलक वर्मा भी पहली बार पाकिस्तान के खिलाफ कोई मैच खेलते नजर आएंगे। उन्हें 4 वनडे और 26 टी-20 का अनुभव है।