Trending

सूर्यकुमार यादव ने की अक्षर पटेल की तारीफ, बताई टीम इंडिया के लिए ऑलराउंडर की अहमियत

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल की खूब तारीफ की।

साभार : गूगल

उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर द्वारा बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ अभ्यास के दौरान किए गए अतिरिक्त प्रयास और उनकी बल्लेबाजी की स्पष्टता की भी प्रशंसा की। अक्षर पटेल ने कुलदीप यादव के साथ मिलकर टीम इंडिया को सात विकेट से जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कुलदीप ने 18 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि अक्षर ने 18 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जिनमें फखर जमां का विकेट भी शामिल था, जो आमतौर पर बाएं हाथ के स्पिनरों के खिलाफ अच्छा खेलते हैं।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा, “अक्षर एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और भारतीय टीम का लंबे समय से हिस्सा हैं। उन्हें अपना काम अच्छी तरह समझते हैं और उनकी रणनीतियाँ स्पष्ट होती हैं।”

उन्होंने आगे बताया, “अभ्यास में मैं देखता हूं कि वे खासतौर पर बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ ज्यादा गेंदबाजी करते हैं, क्योंकि सामान्य धारणा होती है कि बाएं हाथ के बल्लेबाजों के सामने बाएं हाथ के स्पिनर नहीं गेंदबाजी करनी चाहिए।”

सूर्यकुमार ने कहा, “लेकिन अक्षर बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ विशेष अभ्यास करते हैं, और जब वे दाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी करते हैं तो उनकी अलग योजना होती है।”

उन्होंने अक्षर की एक ऑलराउंडर के रूप में अहमियत भी बताई और कहा कि उनका इस्तेमाल उसी तरह किया जाएगा जैसा कि रोहित शर्मा ने टी-20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी में सफलतापूर्वक किया था। सूर्यकुमार ने कहा, “उनकी स्पष्ट रणनीतियाँ और बल्लेबाजी से मैं बहुत खुश हूं।

मुझे पूरा यकीन है कि टीम प्रबंधन इसका भरपूर फायदा उठाएगा, जैसा कि चैंपियंस ट्रॉफी में देखा गया था।” वहीं, कुलदीप यादव ने भी इस टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ी है। उन्होंने दो मैचों में सात विकेट लिए और लगातार प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। कप्तान उनकी इस बेहतरीन फॉर्म से काफी खुश हैं।

सूर्यकुमार ने कहा, “मुझे पता है कि वे टेस्ट टीम का हिस्सा रहे हैं लेकिन मौका नहीं मिला। उन्होंने अपनी फिटनेस और गेंदबाजी पर कड़ी मेहनत की है, जिसका नतीजा उन्होंने यहां दिखाया है।”

भारतीय कप्तान ने कहा, “यह देखकर अच्छा लगता है कि तीनों स्पिनर बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह ने भी उनका अच्छा साथ दिया। हमारी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही परिस्थितियों के अनुसार रही।”