Trending

गाजीपुर नोनहरा कांड: मुख्यमंत्री योगी ने मृतक के परिजनों से की मुलाक़ात

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गाजीपुर के नोनहरा थाना में हुई घटना में मारे गए सियाराम उपाध्याय के परिवार के साथ एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सोमवार को मुलाक़ात की। मुख्यमंत्री ने कहा है कि जांच के बाद दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने नोनहरा कांड के मृतक सियाराम उपाध्याय के पिता और भाई के साथ मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

इससे पहले नोनहरा की घटना को लेकर रविवार को मुख्‍यमंत्री आवास पर सीएम योगी से प्रभारी राकेश त्रिवेदी, जिलाध्‍यक्ष ओमप्रकाश राय और पूर्व जिलाध्‍यक्ष भानुप्रताप सिंह मिले थे।

इस संदर्भ में बीजेपी के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने बताया कि नोनहरा घटना की पूरी जानकारी मुख्‍यमंत्री जी को दी गयी। पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद सीएम योगी ने कहा कि स्‍व. सियाराम उपाध्‍याय के परिजनों के साथ भाजपा का संगठन और सरकार दोनों खड़ा है।

उन्होंने कहा कि शोकाकुल परिवार के साथ हर सुख-दुख में पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता खड़ा रहेगा। पूरी घटना की निष्‍पक्ष जांच करायी जायेगी। इस लिए नोनहरा कांड के घटना की जांच एसआईटी करेगी।

इसके बाद गाजीपुर के जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी, भाजपा जिलाध्‍यक्ष ओमप्रकाश राय और पूर्व जिलाध्‍यक्ष भानुप्रताप सिंह प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह से मिले। उन्होंने घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि पूरी पार्टी शोकाकुल परिवार के साथ है।