Trending

भारत-ए बनाम ऑस्ट्रेलिया-ए: युवा प्रतिभाओं की परीक्षा की घड़ी

भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए के बीच दो चार दिवसीय अनौपचारिक टेस्ट मैचों की सीरीज़ का आगाज़ 16 सितंबर से लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

यह सीरीज़ युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने और भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाने का बेहतरीन मौका है। रेड बॉल क्रिकेट के इन मुकाबलों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों की तकनीकी दक्षता की सख्त परीक्षा होगी। पहला मैच 16 से 19 सितंबर और दूसरा मैच 23 से 26 सितंबर तक इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा।

विशेषकर पिच और मौसम की भूमिका अहम मानी जा रही है। भारतीय टीम के कोच ऋषिकेश कनितकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कहा कि टीम केवल स्पिन पर निर्भर नहीं है।

उन्होंने भरोसा जताया कि तेज गेंदबाजों की फौज और मजबूत बल्लेबाजी क्रम के दम पर भारत-ए सीरीज़ में दबदबा बनाएगा। लखनऊ के मौसम को लेकर उन्होंने कहा, “मौसम ज़रूर एक अहम फैक्टर रहेगा। सुबह जब कवर हटेंगे, तभी पिच की सही स्थिति का आकलन किया जा सकेगा।”

श्रेयस अय्यर इस सीरीज़ में भारत-ए की कप्तानी कर रहे हैं। उनका प्रदर्शन चयनकर्ताओं के लिए अहम संकेत बन सकता है। माना जा रहा है कि यदि वे कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों में प्रभावशाली साबित होते हैं, तो वे वनडे टीम की अगली कप्तानी की दौड़ में शामिल हो सकते हैं।

ऑस्ट्रेलिया ए के कोच और पूर्व कप्तान टिम पेन ने स्वीकार किया कि भारतीय परिस्थितियों में मुकाबला कड़ा होगा। उन्होंने कहा, “भारतीय टीम में कई खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने हाल ही में इंग्लैंड में अच्छा प्रदर्शन किया है।

हमारे लिए उन्हें हराना चुनौतीपूर्ण लेकिन प्रेरणादायक होगा।” ऑस्ट्रेलियाई टीम युवाओं से सजी है, और टिम पेन का मानना है कि इस दौरे के प्रदर्शन के आधार पर कुछ खिलाड़ी भविष्य में एशेज में भी जगह बना सकते हैं। उनका फोकस आक्रामक क्रिकेट खेलने पर रहेगा।

लखनऊ की पिच पर स्पिनर्स को मदद मिलने की संभावना है, लेकिन तेज गेंदबाजों की भूमिका भी अहम होगी। ऐसे में गेंदबाजी आक्रमण की गहराई और बल्लेबाजों की तकनीकी मजबूती दोनों टीमों के लिए निर्णायक हो सकती है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी और प्रदर्शन पर सबकी नज़रें रहेंगी।

यह सीरीज़ उनके करियर के अगले बड़े मुकाम की दिशा तय कर सकती है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाड़ी उपमहाद्वीपीय हालात में अनुभव बटोरने के साथ-साथ खुद को अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करेंगे।

यह सीरीज़ सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि कई युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच है। प्रदर्शन के दम पर कुछ चेहरे भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई सीनियर टीमों का भविष्य बन सकते हैं। क्रिकेट प्रेमियों को इन मुकाबलों का बेसब्री से इंतजार है।

पहले अनऑफिशियल टेस्ट से पहले मौसम को लेकर असमंजस बरकरार है। भारतीय टीम प्रबंधन ने कहा कि हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है और पिच की वास्तविक स्थिति का आकलन कवर हटने के बाद ही किया जा सकेगा। उन्होंने साफ किया कि टॉस के समय बल्लेबाजी या गेंदबाजी का फैसला मौसम की परिस्थितियों पर ही निर्भर करेगा।

भारत ए टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, नारायण जगदीशान (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (उपकप्तान, विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, हर्ष दुबे, आयुष बदोनी, नीतीश कुमार रेड्डी, तनुश कोटियन, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर ब्रार, खलील अहमद, मनव सुथार, यश ठाकुर। दूसरे मैच में केएल राहुल और मोहम्मद सिराज दो खिलाड़ियों की जगह लेंगे।

ऑस्ट्रेलिया-ए: जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, जैक एडवर्ड्स, आरोन हार्डी, कैंपबेल केलावे, सैम कोंस्टास, नाथन मैकस्वीनी, लांस मॉरिस, टॉड मर्फी, फर्गस ओ’नील, ओलिवर पीक, जोश फिलिप, कोरी रोचिसिओली, लियाम स्कॉट। पहले मैच के लिए टीम में सैम कोनस्टास, नाथन मैकस्वीनी, कूपर कोनोली, टॉड मर्फी जैसे टेस्ट क्रिकेटर हैं। एरोन हार्डी चोट के कारण बाहर हैं, उनकी जगह दूसरे मैच में विल सदरलैंड आएंगे।